देशभर मेें सीबीएसई स्कूलों में अब हेेरिटेज से संबंधित गतिविधियां व प्रतियोगिताएं अलग तरह से होंगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने ऐसी गतिविधियों के आयोजन के लिए पहली बार द हेरिटेज क्विज बुक तैयार की है। बीते 18 अप्रैल को वर्ल्ड हेरिटेज दिवस के अवसर पर इसे तैयार किया गया है।
सीबीएसई ने इन पुस्तकों में हेरिटेज से संबंधित तथ्यों को सटीकता से शामिल किया है लेकिन छात्र व शिक्षक इस पुस्तक में संशोधन के लिए अपनी रचनात्मक प्रतिक्रिया बोर्ड को दे सकते हैं। जिससे पुस्तक को पहले से बेहतर बनाया जा सके।
हेरिटेज क्विज पुस्तक को इस तरह तैयार किया गया है, जिससे भारत की सांस्कृतिक विरासत की विविधता के बारे में छात्रों को तथ्यात्मक ज्ञान दिया जा सके। पुस्तक तैयार करनेे के पीछे सीबीएसई का उद्देश्य है कि राष्ट्रीय विरासत के संरक्षण के प्रयासों में हिस्सेदारी करने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया जा सके।
वहीं बोर्ड का मानना है कि इस पुस्तक के माध्यम से छात्रों में नई जानकारी प्राप्त करने की ललक भी बढ़ेगी। बोर्ड ने स्कूलों को कहा है कि इस पुस्तक को स्कूल हेरिटेज गतिविधियों व प्रतियोगिताओं को आयोजित करने के लिए इस्तेमाल करें। जिससे कि उनमें अपनी विरासतों व धरोहरों के प्रति प्यार व रुझान उत्पन्न हो।
बोर्ड ने स्कूलों में शिक्षक व छात्रों को इस पुस्तक के बारे में फीड बैक देना भी सुनिश्चित किया है। ज्ञात हो कि सीबीएसई की ओर से स्कूलों में पहले से ही हेरिटेज एजुकेशन प्रोग्राम चलाया जा रहा है। जिससे कि बच्चे को अपनी राष्ट्रीय विरासतों को सीखने व समझने का अवसर मिले।
इसके साथ ही बोर्ड हेरिटेज वॉक, हेरिटेज क्विज, हेरिटेज टॉक का भी आयोजन करता है। वहीं हेरिटेज एजुकेशन प्रोग्राम के तहत बच्चों को हेरिटेज साइट को गोद लेने के लिए भी प्रेरित किया जाता है, जिससे कि धरोहरों व विरासतों को बचाया जा सके।