केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के रिजल्ट में इस बार 10 सीजीपीए (क्यूमिलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज) पाने का नया रिकॉर्ड बना है। दसवीं में कुल 14,96,066 छात्र बैठे थे, जिसमें से इस बार 1,68, 541 छात्रों ने 10 सीजीपीए पाया है।
जबकि बीते साल 10 सीजीपीए प्राप्त करने वालों की संख्या 94,474 थी। बीते चार सालों के10 सीजीपीए प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या पर नजर डालें तो अब तक इतनी बड़ी संख्या में 10 सीजीपीए कभी नहीं मिला है।
खास बात यह है कि दस का दम दिखाने में निजी स्कूलों के बच्चे अन्य स्कूलों के बच्चों पर भारी पड़े हैं। निजी स्कूलों के 1,51, 061 बच्चों ने 10 सीजीपीए हासिल किया है। यह भी एक रिकॉर्ड है, बीते साल निजी स्कूलों के 84,124 बच्चों का दस सीजीपीए था।
दसवीं के रिजल्ट में भले ही लड़कियां आगे रही हों लेकिन दस का दम दिखाने में बीते साल की तरह ही लड़के ही आगे रहे हैं। रिजल्ट मेें जहां कुल 85, 316 लड़कों को दस सीजीपीए मिला है, वहीं लड़कियों की संख्या 83, 225 है। जबकि बीते साल 49, 392 लड़कों ने 10 सीजीपीए हासिल किया था, वहीं 45,082 लड़कियों ने अपना दम दिखाया था।
निजी स्कूल आगे, सेंट्रल तिब्बत सबसे पीछे
- फोटो : अमर उजाला
निजी स्कूल आगे, सेंट्रल तिब्बत सबसे पीछे
दस सीजीपीए प्राप्त करने वाले स्कूलों की बात की जाए तो देशभर में निजी स्कूल अन्य स्कूलों से काफी आगे रहे हैं। देशभर से निजी स्कूलों के 1,51, 061 बच्चों ने दस सीजीपीए लिया है।
जबकि दूसरे स्थान पर केंद्रीय विद्यालयों के बच्चे दूसरे स्थान पर रहे हैं। इन स्कूलों के 12,719 बच्चों ने दस का दम दिखाया है। तीसरे स्थान पर जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चे रहे हैं। इन स्कूलों के 3209 बच्चों को दस सीजीपीए मिला है।
सरकारी स्कूल 1242 की संख्या के साथ चौथे नंबर पर हैं। जबकि 307 की संख्या के साथ सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चे पांचवें स्थान पर हैं। सेंट्रल तिब्बत स्कूल के बच्चे सबसे अंतिम पायदान पर हैं। इन स्कूलों के महज तीन बच्चों ने दस सीजीपीए लिया है।
दस सीजीपीए में बोर्ड आधारित बच्चे आगे
दसवीं की स्कूल आधारित व बोर्ड आधारित परीक्षा के नतीजों में दस सीजीपीए पाने वालों में बोर्ड आधारित परीक्षा के बच्चे आगे रहे हैं। कुल 10 सीजीपीए पाने वाले 1,68, 541 बच्चों में से बोर्ड आधारित परीक्षा देने वाले 92,816 और 75, 725 बच्चों को 10 सीजीपीए मिला है।
वर्ष 10 सीजीपीए पाने वाले बच्चे
2012 68,431
2013 86,162
2014 76,900
2015 94,474
2016 1,68, 541