केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से बीते माह आयोजित जेईई मेन परीक्षा की ओएमआर शीट ऑनलाइन देखने के बाद उम्मीदवार अब ओएमआर शीट व केलकुलेशन शीट की फोटो कॉपी ले सकेंगे। सीबीएसई ऑन डिमांड उम्मीदवारों को फोटो कॉपी देने की सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। फोटो कॉपी को प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों को 27 मई तक आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद स्पीड पोस्ट से शीट उम्मीदवारों तक पहुंचेगी।
सीबीएसई ने जेईई मेन-2016 की ऑफ लाइन परीक्षा 3 अप्रैल को व ऑन लाइन परीक्षा 9 व 10 अप्रैल को आयोजित की थी। परीक्षा के बाद सीबीएसई ने जेईई मेन की ओएमआर शीट जारी की। जिसे देखने के बाद उम्मीदवारों को आंसर शीट पर चुनौती देने की सुविधा 18 अप्रैल से 22 अप्रैल तक दी गई।
अब बोर्ड उम्मीदवारों के भरे हुए उत्तरों वाली ओएमआरशीट व केलकुलेशन की फोटो कॉपी लेने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इसे प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों को डिमांड ड्रॉफ्ट के माध्यम से पांच सौ रुपये का भुगतान करना होगा। आवेदन के समय उन्हें अपना रोल नंबर, नाम व घर के पते की जानकारी देनी होगी। इस आवेदन फॉर्म को स्पीड पोस्ट के माध्यम से सीबीएसई की जेईई मेन यूनिट को भेजना होगा।
सीबीएसई की ओर से साफ कर दिया गया है कि किसी भी स्कूल व संस्थान को यह फोटो कॉपी डिसप्ले करने के लिए नहीं दी जाएगी। फोटो कॉपी का व्यवसायिक इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा। आवेदन फॉर्म के पूरा न होने पर उसे रद्द कर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि 27 मई के बाद किए गए आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।