एकेटीयू ने सभी कॉलेजों को सूचित किया है कि जिन छात्रों का आधार कार्ड न होने के कारण नामांकन नहीं हो सका है, उनको यूनिवर्सिटी ने एक और मौका दिया है। ऐसे कॉलेज छात्रों की सूची 15 नवंबर तक मुहैया करा सकते हैं। यदि कॉलेज इस तिथि तक सूचीनहीं देते हैं तो यूनिवर्सिटी से ऐसे अभ्यर्थियों का नामांकन स्वत: निरस्त हो जाएगा, जिसका जिम्मेदार कॉलेज ही होगा।
एपीजे अब्दुल कलाम यूनिवर्सिटी की ओर से शैक्षिक सत्र शुरू होने के बाद प्रदेश के सभी कॉलेजों को निर्देश दिए गए थे कि वह छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड बनवा लें, क्योंकि नामांकन के समय उसकी आवश्यकता पडे़गी। नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई और 22 अक्तूबर अंतिम तिथि तय की गई थी, मगर अधिकतर कॉलेजों की ओर से छात्रों का नामांकन इसलिए नहीं कराया जा सका क्योंकि उनके पास आधार कार्ड नहीं था।
अब एकेटीयू ने सख्त लहजे में कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वह विलंब के साथ 15 नवंबर तक आधार कार्ड के साथ नामांकन कराकर यूनिवर्सिटी को मेल के द्वारा और हार्ड कॉपी के साथ सूचना भेज दें। अगर इसके बाद किसी छात्र का नामांकन नहीं किया जाता है तो उसका दाखिला स्वत: निरस्त हो जाएगा और उसका जिम्मेदार संबंधित कॉलेज ही होगा।
यूनिवर्सिटी की ओर से उसकी फीस भी वापस नहीं की जाएगी, क्योंकि कॉलेज की लापरवाही के कारण ही ऐसा होगा। हालांकि यूनिवर्सिटी ने 25 अक्तूबर तक एक शपथ पत्र की कॉपी मांगी है जिसे सभी कॉलेजों को देना होगा जो नामांकन नहीं करा पाए हैं।
नामांकन के लिए लगातार कॉलेजों को निर्देश दिए गए थे लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, क्योंकि इसके लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया गया था। अब कॉलेजों को चेतावनी दी गई है कि यदि नामांकन समय पर नहीं हुआ तो दाखिला निरस्त हो जाएगा और उसके जिम्मेदार स्वयं कॉलेज होंगे।
- पीके गंगवार, कुलसचिव एकेटीयू
पीजी के छात्राें के लिए 24 से 28 अक्तूबर तक ऑफ लाइन पंजीकरण
एकेटीयू की ओर से अभियंत्रण एवं प्रौद्योगिकी तथा वास्तुकला समेत परास्नातक पाठयक्रमों के लिए पिछले दिनों प्रवेश परीक्षा कराई गई थी। इन छात्र-छात्राआें के लिए नामांकन पंजीकरण 24 से 28 अक्तूबर तक कराई जाएगा। पात्र छात्र-छात्राओं के दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई के बाद 5 नवंबर तक डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से फीस जमा कराई जाएगी।