शिक्षा बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका लेने के लिए आनलाइन आवेदन भरने वाले विद्यार्थियों की पहली सूची जारी कर दी है। इनको बोर्ड की तरफ से दसवीं की परीक्षा की उत्तर पुस्तिका की फोटो स्टेट कापी उपलब्ध करवाई जाएगी।
कश्मीर संभाग के दसवीं और 12वीं के विद्यार्थी इस सुविधा को हासिल कर चुके हैं। जम्मू संभाग में 12वीं के विद्यार्थियों ने भी इस सुविधा का लाभ हासिल किया था।
11 मई को बोर्ड की तरफ से दसवीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया था। असफल विद्यार्थी देखना चाहते हैं कि उनसे कहां चूक हुई है। आवेदन मिलने के बाद बोर्ड ने दो सप्ताह के अंदर ही इनको उत्तर पुस्तिका की कापी उपलब्ध करवाना शुरू कर दिया है।
बोर्ड ने शनिवार को उत्तर पुस्तिका देने के लिए विद्यार्थियों की पहली सूची जारी की है। पहली सूची में 166 विद्यार्थियों के रोल नंबर है। ये सभी बोर्ड कार्यालय में सुबह दस से दोपहर दो बजे के बीच में किसी भी समय उत्तर पुस्तिका की कापी ले सकते हैं।