पीएमसी बैंक घोटाले में गिरफ्तार किए गए रियल एस्टेट कंपनी एचडीआईएल के मालिक राकेश वाधावन के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने धोखधड़ी का केस दर्ज किया है। गाजियाबाद के इंद्रापुरम में बन रहे एक रियल्टी प्रोजेक्ट में देरी होने की वजह से 50 ग्राहकों ने पुलिस से शिकायत दर्ज की थी।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज करने के लिए चार्जशीट फाइल कर दी है और राकेश वाधावन को समन भी भेजा था। इस चार्जशीट में पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर, मुकेश खुराना और बबिता खुराना का नाम भी है। पुलिस ने इसके बाद एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी फाइल की थी।
चार्जशीट में बताया गया है कि अहिंसा खंड दो में बन रहे इस प्रोजेक्ट के लिए बिल्डर ने अभी तक ज्यादातर सरकारी एजेंसियों से मंजूरी नहीं ली है। अब जिन लोगों ने इस प्रोजेक्ट के लिए बुकिंग कर दी है, उनकी शिकायत को भी कंपनी नजरअंदाज किया जा रहा है।
मुंबई पुलिस ने सोमवार को एचडीआईएल के मालिकों का एक और प्राइवेट जेट को जब्त कर लिया है। इसके अलावा मुंबई के अलीबाग में स्थित 22 कमरों वाला बंगला, ऑडी सहित तीन सेडान गाड़ियां, तीन टेरेन मोटर बाइक्स, स्पीडबोट और दो गोल्फ कार्ट को भी जब्त करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है।
सारंग इसी बंगले में अपने फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों के पार्टी देता था। यह बंगला 2.2 एकड़ में फैला है। पुलिस ने पूछताछ के लिए सारंग की पत्नी अनु और उसकी मां को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। पिछले हफ्ते पुलिस 60 करोड़ रुपये की ज्वैलरी, जिसमें 15 करोड़ रुपये एक हीरे की अंगुठी को भी जब्त कर लिया था। यह ज्वैलरी एक रिश्तेदार के घर पर छुपा के रखी गई थी, ताकि पुलिस इसको जब्त न कर सके।