देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने लोगों की सुविधा के लिए एक नया प्रयोग शुरू किया है। बैंक ने अपने वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर बैठे बैंकिंग की सुविधा को लांच किया है। इस सुविधा के तहत वरिष्ठ नागरिकों को बैंकिंग कार्य करने के लिए ब्रांच आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बैंक ऐसे ग्राहकों की जरूरतों को केवल कुछ शर्तों के साथ पूरा करेगा।
जो सुविधाएं ग्राहकों को मिलेंगी उनमें कैश पिकअप और डिलीवरी, चेक पिकअप, चेकबुक स्लिप, लाइफ सर्टिफिकेट और फॉर्म 15एच पिकअप शामिल हैं। ये सेवा 70 साल से ज्यादा के उम्र के लोगों को मिलेगी। इसके अलावा दिव्यांग और दृष्टिबाधित लोगों को भी सुविधा मिलेगी। दिव्यांग ग्राहकों को इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट भी देना होगा।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने कहा है कि जिन ग्राहकों की केवाईसी पूरी है उन्हें ही ये सुविधा मिलेगी। इनका मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड होना चाहिए। इसके अलावा होम ब्रांच के 5 किलोमीटर के दायरे में ही ये सेवा मिलेगी।