आरबीआई द्वारा रेपो रेट और सीआरआर में कमी करने के बाद बैंकों द्वारा कर्ज सस्ता करने का सिलसिला जारी है। सोमवार को देश के दो प्रमुख सार्वजनिक बैंकों ने अपने कर्ज सस्ते कर दिए हैं। ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स ने 0.15 फीसदी और इंडियन बैंक ने 0.30 फीसदी की कमी अपने बेस रेट में करने की घोषणा कर दी है।
बैंकों द्वारा कर्ज सस्ता करने से उनके फ्लोटिंग रेट पर कर्ज लेने वाले मौजूदा ग्राहकों की ईएमआई जहां कम हो जाएगी। वहीं नए ग्राहकों के लिए भी कर्ज सस्ता हो जाएगा।
ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स ने अपने बेस रेट को 0.15 फीसदी घटाकर 10.25 फीसदी कर दिया है। बैंक की नई दर पांच फरवरी 2013 से लागू होगी। वहीं इंडियन बैंक का बेस रेट 0.30 फीसदी कम होकर 10.20 फीसदी और प्रधान ब्याज दर (बीपीएलआर) भी 0.25 फीसदी घटकर 14.50 फीसदी हो जाएगा। बैंक की नई दरें नौ फरवरी 2013 से लागू होंगी।