मेरी आमदनी 8 हजार रुपये प्रति माह है। मैं 500 रुपये प्रति माह पीपीएफ में और 1,000 रुपये एसआईपी के जरिये रिलायंस इन्फ्रा ग्रोथ फंड में निवेश कर रहा हूं। अब तक एसआईपी में मैं कुल 22 हजार रुपये लगा चुका हूं। कृपया बताएं कि एसआईपी के लिए मैंने सही प्लान चुना है या फिर किसी और प्लान में पैसा लगा कर मैं इससे बेहतर रिटर्न हासिल कर सकता हूं?- अभिषेक गुप्ता
केवल एक म्यूचुअल फंड में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। जोखिम को कम करने के लिए आपको अपने द्वारा निर्धारित निवेश सीमा के तहत ही कम से कम दो फंडों में निवेश करना चाहिए। आपने निवेश के लिए जो फंड चुना है वह एक थीम आधारित (थीमेटिक) फंड है।
आमतौर पर इस तरह के फंड उसी दशा में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं, जब उनकी थीम वाले सेक्टर (उदाहरण स्वरूप मान लीजिए, इन्फ्रास्ट्रक्चर) में अच्छी तेजी रहती है। इसलिए हम आपको इस फंड में निवेश रोक कर नए सिरे से एक डाइवर्सिफाइड फंड में निवेश करने की सलाह देंगे।
इसके लिए आप एचडीएफसी के इक्विटी फंड और डीएसपी ब्लैक रॉक टॉप 100 इक्विटी फंड जैसे विकल्पों पर विचार कर सकते हैं।
मेरी आय 40 हजार रुपये है। मैं 10 हजार रुपये हर महीने निवेश कर सकता हूं। ऐसा प्लान बताएं, जिससे मैं 10 साल में 4 करोड़ रुपये हासिल कर सकूं। -सिंहराज
आपने अपने निवेश के लिए जो लक्ष्य निर्धारित कर रखा है उसे हासिल करने के लिए आपको 10 साल के लिए किसी ऐसी योजना में पैसा लगाना पड़ेगा, जिसमें कि सालाना 53 फीसदी का रिटर्न मिले। हमारी समझ में आपका लक्ष्य काफी अव्यावहारिक है। इसलिए हम आपको दोबारा से अपना निवेश लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह ही दे सकते हैं।