दस्तावेज पर दस्तखत से पहले पूरा पढ़ें
अकसर बीमा के प्रपोजल फॉर्म पर उपभोक्ता बिना उसे पूरा पढ़े दस्तखत कर देता है। प्रपोजल फॉर्म महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, जिसके आधार पर ही कंपनी पॉलिसी जारी या खारिज करती है। इसलिए उपभोक्ता को फॉर्म पूरा पढ़ना चाहिए और स्वयं भरना चाहिए।
बीमा उत्पाद को समझें
बीमा उत्पाद पारंपरिक, यूलिप, टर्म या मनी बैक चार तरह के हो सकते हैं। इनमें से प्रत्येक उत्पाद के अपने-अपने नफा-नुकसान हैं। जैसे, यदि आप टर्म प्लान लेते हैं तो आपको मैच्योरिटी पर रिटर्न की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
वहीं, यूलिप उत्पाद का रिटर्न बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करता है। इसलिए उपभोक्ता को अपनी जरूरत को जानते और समझते हुए अपने या अपने प्रियजनों के लिए बीमा उत्पाद खरीदना चाहिए। आजकल हर तरह के प्रोडक्ट की जानकारी इंटरनेट पर आसानी से उपलब्ध है।
बीमा कंपनी को कॉल करें
आजकल सभी बीमा कंपनियों के 24 घंटे वाले टोल फ्री नंबर उपलब्ध हैं। बीमा उत्पाद के बारे में हर तरह के स्पष्टीकरण के लिए आपको इन नंबरों पर कॉल कर सभी जरूरी जानकारियां प्राप्त कर लेनी चाहिए।
यदि आपको कभी भी ऐसा लगे कि एजेंट आपको कुछ गलत तथ्य बता रहा है, तो बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर फोन पर अपने संदेह पर स्पष्टीकरण जरूर ले लें।
उत्पादों की तुलना कर खरीदें
किसी एक कंपनी के उत्पाद को आंख मूंदकर न लें। दूसरी कंपनियों के उत्पादों के साथ तुलना कर अपनी जरूरत का उत्पाद खरीदें। आजकल कई बीमा एग्रीगेटर वेबसाइट उपलब्ध हैं, जिन पर सभी उत्पादों के फीचर उपलब्ध हैं। इनसे जानकारी लेकर आप बेहतर व किफायती उत्पाद खरीद सकते हैं।
समझ लें मार्केट लिंक्ड उत्पाद
यह समझ लें कि आपकी पॉलिसी मार्केट से किस तरह जुड़ी है। यदि आप बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर ही रहना चाहते हैं तो यूलिप प्लान लेने से बचें। लेकिन यदि आप इसमें निवेश करते हैं तो डेट और कैंश फंड को चुने इन पर कम लेकिन अच्छा रिटर्न मिलता है।