रिजर्व बैंक ने अगले महीने से सभी बैंकों को कर्ज की दरें रेपो से जोड़ने का निर्देश दिया है। इस कदम से निश्चित तौर पर उपभोक्ताओं की कर्ज की लागत में कमी आएगी। जानकारों का मानना है कि इसके बावजूद कर्ज की ईएमआई में ज्यादा अंतर आने की संभावना नहीं है।
दरअसल, बैंक कर्ज पर ब्याज की गणना भी तिमाही आधार पर करते हैं। इसका मतलब हुआ कि किसी कटौती का लाभ ग्राहकों तक तीन महीने में पहुंचेगा। इसके अलावा अगर दरों में बदलाव किसी विशेष तिथि पर होता है, तो बैंक प्रो-राटा आधार पर ब्याज की गणना करते हैं। दरों में इस उतार-चढ़ाव के जोखिम से बचने के लिए ज्यादातर बैंक अपने कर्ज की संरचना को पुनर्गठित करेंगे, जिसका असर इंस्टॉलमेंट पर भी होगा। ऐसे में ब्याज दर की अपेक्षा ईएमआई में तुलनात्मक कमी नहीं आएगी और कर्जधारक को ईएमआई के रूप में ज्यादा रकम का ही भुगतान करना होगा।
इसका भी होगा असर
एसबीआई ने हाल में कहा था कि ग्राहकों को हर साल अपने मूल कर्ज का तीन फीसदी आवश्यक रूप से चुकाना होगा, जबकि अधिकतर बैंक अपने कर्ज की सुरक्षा के लिए ब्याज की अधिकतम राशि शुरुआती वर्षों में ही वसूलते हैं। ऐसे में ग्राहकों पर ईएमआई का बोझ बढ़ना तय माना जा रहा। दूसरी ओर, आने वाली तिमाहियों में अगर आरबीआई ने रेपो रेट बढ़ाया तो इससे जुड़े होम लोन या अन्य किसी कर्ज की ईएमआई भी अचानक काफी बढ़ जाएगी। मौजूदा रेपो रेट 5.40 फीसदी है, जबकि न्यूनतम स्तर 4.75 फीसदी रहा है।
कर्ज में बदलाव के लिए सावधानी से करें चुनाव
जिन उपभोक्ताओं ने पहले से ही कर्ज ले रखा है और एमसीएलआर आधारित ब्याज दर से ईएमआई का भुगतान कर रहे हैं, उन्हें अपने कर्ज को रेपो से जोड़ने में जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। अभी आधा दर्जन से ज्यादा सरकारी बैंक अपनी ब्याज दरें रेपो रेट से जोड़ चुके हैं, लेकिन ग्राहक को सभी बैंकों को इस दायरे में आने तक इंतजार करना चाहिए।
- अपने ही बैंक के रेपो रेट आधारित होम लोन में शिफ्ट करना आसान है, जिसके लिए अपफ्रंट कन्वर्जन शुल्क को ध्यान में रखकर ब्याज की गणना करनी चाहिए।
- ग्राहक जिस समय नए बेंचमार्क पर शिफ्ट करता है तो बैंक शेष बची राशि पर कन्वर्जन शुल्क वसूलते हैं। एसबीआई का शुल्क 0.25 फीसदी है।
- अगर आप दूसरे बैंक के पास जाना चाहते हैं तो प्रोसेसिंग, वैल्यूएशन और कानूनी शुल्क जैसे दूसरे चार्ज भी आपको देने पड़ेंगे।
- लोन ट्रांसफर से पहले यह गणना जरूरी है कि बैंक आपके ऋण पर कितना चार्ज वसूल रहे हैं।