अब बैंक ग्राहकों को 59 मिनट में रिटेल लोन मिलने लगेगा। देश के सबसे बड़े बैंक--भारतीय स्टेट बैंक ने कहा है कि ऑनलाइन लोन पोर्टल psbloansin59minutes.com से लोगों को होम व पर्सनल लोन मिलने लगेगा। इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र के 18 बैंकों ने यह सुविधा शुरू की है।
इनमें बैंकों में एसबीआई के पंजाब नेशनल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा और यूनियन बैंक सहित अन्य बैंक शामिल हैं। फिलहाल यह मंच एमएसएमई क्षेत्र को ऋण मंजूरी उपलब्ध करा रहा है। भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंध निदेशक पी के गुप्ता ने कहा है कि सभी हम कर्ज चाहने वालों को आवास और व्यक्तिगत ऋण ‘59 मिनट पोर्टल’ के जरिये उपलब्ध करा रहे हैं। हमें इस बात की खुशी है कि अभी तक इसका लाभ सिर्फ एमएसएमई को मिल रहा था, लेकिन अब यह सभी को उपलब्ध होगा।
पीएसबी लोन इन 59 मिनट योजना के तहत एमएसएमई को एक करोड़ का कर्ज उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई थी। कारोबारियों के आवेदन को एक घंटे के भीतर स्वीकार करते हुए लोन पास कर दिया जाता है और आठ कारोबारी दिवस में कर्ज की राशि आवेदनकर्ता के खाते में आ जाती है।
योजना की शुरुआत के महज पांच महीने में ही 50 हजार से ज्यादा लोन को इस पोर्टल से स्वीकृति मिल चुकी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2019 तक लोन इन 59 मिनट पोर्टल पर 50,706 आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है। इसमें से 27,893 आवेदनकर्ताओें को कर्ज की राशि का भुगतान भी हो चुका है।