भुगतान सेवा प्रदाता पेटीएम की ई-कॉमर्स इकाई पेटीएम मॉल ने रविवार को कहा कि संभावित डेटा हैक और सेंधमारी के दावों की जांच के बाद अभी तक कोई सुरक्षा चूक नहीं मिली है।
यह स्पष्टीकरण तब आया है, जब अमेरिका स्थित साइबर रिसर्च फर्म साइबल ने एक रिपोर्ट में कहा था कि ‘जॉन विक’ नाम से परिचालन करने वाला एक हैकर ग्रुप पेटीएम मॉल के पूरे डेटाबेस की अप्रतिबंधित पहुंच हासिल करने में सफल हो गया है।
पेटीएम मॉल के प्रवक्ता ने एक बयान में डेटा में इस कथित सेंधमारी को लेकर प्रतिक्रिया में आश्वस्त किया है कि हम सभी उपयोगकर्ताओं को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उपयोगकर्ताओं और कंपनी का डेटा पूरी तरह से सुरक्षित है। हम संभावित हैक और डेटा में सेंधमारी के दावों की जांच कर रहे हैं, और अभी तक कोई सुरक्षा चूक नहीं मिली है।
प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी डेटा सुरक्षा में भारी निवेश करती है और इसके साथ ही पेटीएम बग बाउंटी प्रोग्राम चलाता है, जहां किसी भी तरह के सुरक्षा जोखिमों को खुलासा करने वाले को पुरस्कृत किया जाता है।
प्रवक्ता ने कहा कि हम सुरक्षा अनुसंधान समुदाय के साथ बड़े पैमाने पर काम करते हैं और सुरक्षित रूप से सुरक्षा विसंगतियों को हल करते हैं। साइबल ने एक ब्लॉग में कहा था कि पेटीएम मॉल में डेटा में सेंधमारी से संभवत: सभी खातों और संबंधित सूचनाओं पर असर पड़ेगा।
साइबल ने कहा कि हमारे सूत्रों ने हमें बताया कि अपराधी ने यह भी दावा किया कि वे पेटीएम मॉल से फिरौती मिल चुकी हैं। हैकर्स की मांगों को पूरा करने में विफल होने पर डेटा लीक करना, रैंसमवेयर ऑपरेटरों सहित विभिन्न साइबर अपराध समूहों द्वारा तैनात एक ज्ञात तकनीक है। इस स्तर पर, हम इस बात से अनजान हैं कि फिरौती का भुगतान किया गया था। अपराधी ने 4,000 अमरीकी डालर की मांग की थी।