पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सोमवार को कहा कि कोविड-19 के प्रभाव से उबरने के लिए उसका सरकार से पूंजी लेने का कोई इरादा नहीं है बल्कि वह बाजार से नकदी जुटाएगा। पीएनबी के प्रबंध निदेशक एसएस मल्लिकार्जुन राव ने कहा, बैंक शेयरधारकों ने कोरोना के प्रभाव को कम करने और विकास की राह पर आगे बढ़ाने को बाजार से 14,000 करोड़ जुटाने की मंजूरी दी है।
इसमें 7,000 करोड़ इक्विटी के रूप में जुटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर बाजार को देखें तो उसमें सार्वजनिक क्षेत्र को मदद देने की इच्छा दिखती है। इसका पता हाल में जारी बैंक ऑफ बड़ौदा और पीएनबी के टियर-2 बॉन्ड से चलता है। ऐसे में जब तक बाजार को आजमा नहीं लेते, सरकार के पास जाना ठीक नहीं होगा। एजेंसी
40,000 करोड़ के कर्ज का पुनर्गठन करेंगे
पीएनबी ने कहा, वह 40 हजार करोड़ के कर्ज का पुनर्गठन कर सकता है। बैंक ने कहा, जून तक वह 7.21 लाख करोड़ के कर्ज बांट चुका है। इसमें एमएसएमई को दिया कर्ज 1.27 लाख करोड़ है। इसके अलावा, 14 फीसदी एनपीए है। ऐसे में करीब 5-6 फीसदी कर्ज का ही पुनर्गठन किया जा सकता है, जो 40,000 करोड़ रुपये होगा।