प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईज आफ डूइंग बिजनेस की तरफ वित्त मंत्रालय ने एक मजबूत कदम उठाया है। इसके तहत जहां आम जनता को आय कर विभाग का स्थायी खाता संख्या -पैन नंबर- तीन से चार दिन में मिल जाएगा वहीं कारोबारियों को एक ही दिन में पैन और टैन नंबर मिल जाएगा। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड -सीबीडीटी- के अध्यक्ष अतुलेश जिंदल ने सोमवार को यहां कुछ संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी।
आम जनता को 3-4 दिन में पैन नंबर
उन्होंने बताया कि अब आम जनता के लिए पैन नंबर और कार्ड जारी करने के तंत्र को आधार संख्या के डाटा बेस से जोड़ दिया गया है। अब एनएसडीएल या यूटीआईएसएल की वेबसाइट पर पैन नंबर के लिए आवेदन देने पर उसे आधार संख्या के जरिये वेरीफाई करने को कहा जाएगा।
यह तंत्र उसी तरह काम करता है, जैसे कि आय कर के आनलाइन रिटर्न भरने के दौरान वेरीफिकेशन के लिए आधार संख्या का उपयोग होता है। पैन नंबर के लिए जैसे ही आधार संख्या का उपयोग किया जाता है, आय कर विभाग संबंधित व्यक्ति के आधार डाटा बेस से जानकारी ले लेता है और उसे कई झंझटों से मुक्ति मिल जाती है। पहले पैन नंबर लेने में जहां सात-आठ दिन लगते थे, वहीं अब इस तीन-चार दिन में यह काम हो जाएगा।