लोकसभा चुनावों के बीच में सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर ने भारत के लिए अपने नए प्रबंध निदेशक की नियुक्ति करने का एलान कर दिया है। कंपनी ने मनीष महेश्वरी को भारत में नई संभावनाएं तलाशने और फेक न्यूज पर लगाम लगाने की कोशिशों के बीच इनको चुना है।
इन कंपनियों में कर चुके हैं कार्य
ट्विटर के प्रबंध निदेशक बने मनीष महेश्वरी इससे पहले फ्लिपकार्ट, txtweb, intuit, मैकेंजी, प्रॉक्टर एंड गैंबल में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। फिलहाल वो नेटवर्क18 डिजिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्य कर रहे थे। मनीष 29 अप्रैल को अपना नया पदभार ग्रहण करेंगे।
नई दिल्ली में होगी नियुक्ति
ट्विटर ने बयान जारी करते हुए कहा है कि मनीष ट्विटर की उपाध्यक्ष और एशिया पैसेफिक की एमडी माया हरी को रिपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही उनकी नियुक्ति नई दिल्ली में होगी।
भारत है सोशल मीडिया कंपनियों के लिए बड़ा बाजार
सोशल मीडिया कंपनियों जैसे कि गूगल, फेसबुक और ट्विटर के लिए भारत बहुत बड़ा बाजार है। स्मार्टफोन के आ जाने से लोग खासकर कि युवा वर्ग इनके प्रति बहुत ज्यादा रूझान लिए हुए है। पिछले साल तरणजीत सिंह ने ट्विटर के भारत के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद बालाजी क्रिश को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी।
अब क्रिश को ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को स्थित मुख्यालय को वापस बुलाया जाएगा जहां वो रेवेन्यू बढ़ाने और परिचालन के कामकाज को देखेंगे। कंपनी के लिए भारत बहुत बड़ा बाजार है और वो आगे भी यहां पर निवेश करती रहेगी। महेश्वरी भारत में ट्विटर को आगे ले जाने में मदद करेंगे औ इसके साथ ही दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू में स्थित टीमों का कार्य देखेंगे।
महेश्वरी ने कहा कि वो पिछले 10 सालों से ट्विटर का प्रयोग कर रहे हैं। इसलिए मुझे खुशी है कि वो कंपनी को आगे ले जाने में मदद करेंगे। इसके साथ ही प्रीमियम कंटेंट के जरिए व्यापार को बढ़ाने में मदद करेंगे।