फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उम्मीदों से बेहतर रहे RIL के नतीजे , रिलायंस जियो ने पेश किया सबसे जोरदार रिजल्ट

Sat, 31 Oct 2020 01:46 PM IST
‌डिंपल अलवधी बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • रिलायंस ने छह महीनों में पैदा किए 30 हजार रोजगार।
  • रिलायंस रिटेल ने खोले 232 नए स्टोर,  स्टोर्स की कुल संख्या 11,931 हुई।
  • रिलायंस जियो नेटवर्क पर 1442 करोड़ जीबी हुई डाटा की खपत।
विज्ञापन
मुकेश अंबानी - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्लेषकों और बाजार के पंडिटों के अनुमानों को मात देते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने शुक्रवार को अपने तिमाही नतीजों में 9,567 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दिखाया। हलांकि यह पिछले वर्ष की समाह तिमाही से 15 फीसदी कम है, पर ब्लूमबर्ग के एनालिस्ट सर्वे से कहीं अधिक है। ब्लूमबर्ग के एनालिस्ट सर्वे में करीब 9,017 करोड़ रुपये के लाभ का अनुमान लगाया गया था। कंपनी का कंसोलिडेटिड शुद्ध लाभ एक बार फिर 10,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया। कंसोलिडेटिड शुद्ध लाभ पिछली तिमाही के मुकाबले 28 फीसदी बढ़कर 10,602 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। 

विज्ञापन


कंसोलिडेटिड रेवेन्यू की मजबूत क्रमिक वृद्धि 
रिलायंस रिटेल और जियो प्लेटफॉर्म्स की स्टार परफॉर्मेंस के दम पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का कंसोलिडेटिड रेवेन्यू 27.2 फीसदी की मजबूत क्रमिक (Sequential) वृद्धि के साथ तिमाही में 1,28,285 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। हलांकि कोविड-19 के कारण उपजी परिस्थितियों में दुनिया भर में ईंधन की मांग और कच्चे तेल की कीमतों में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई थी। इसका असर रिलायंस इंडस्ट्रीज के ऑयल एंड गैस कारोबार पर भी पड़ा। कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित जून तिमाही के मुकाबले सितंबर तिमाही के कंसोलिडेटिड शुद्ध लाभ में 28 फीसदी का उछाल देखने को मिला।

रिलायंस जियो ने पेश किया सबसे जोरदार रिजल्ट
रिलायंस जियो ने रिलायंस समूह की सभी कंपनियों में सबसे जोरदार रिजल्ट पेश किए। पिछले साल समान तिमाही के 990 करोड़ रपये के शुद्ध लाभ को करीब तिगुना करते हुए सितंबर तिमाही में कंपनी ने 2,844 करोड़ का शुद्ध लाभ दिखाया। राजस्व में भी चार हजार करोड़ से अधिक का इजाफा देखने को मिला। कंपनी के ARPU यानी प्रति ग्राहक रेवेन्यू में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सितंबर तिमाही में यह 145 रुपये रहा। जबकि पिछली जून तिमाही में यह 140 और एक वर्ष पूर्व, वित्तिय वर्ष 2019-20 की सितंबर तिमाही में यह करीब 120 रू ही था। 
विज्ञापन


चीन के बाहर 40 करोड़ ग्राहक संख्या रखने वाली पहली कंपनी बनने का दावा भी रिलायंस जियो ने किया है। कंपनी के नेटवर्क पर डाटा की खपत में भी 1.5 फीसदी का इजाफा देखने को मिला है। सितंबर तिमाही में यह 1442 करोड़ जीबी को छू गया। 

रिलायंस रिटेल का भी रहा बेहतरीन प्रदर्शन 
रिलायंस रिटेल ने भी सितंबर तिमाही में बेहतरीन प्रदर्शन किया, कंपनी ने 232 नए स्टोर खोले। स्टोर्स की कुल संख्या अब बढ़कर 11,931 हो गई है। रिलायंस रिटेल ने 5.6 अरब डॉलर यानी करीब 41 हजार करोड़ रुपये का रेवेन्यू जनरेट किया। यह पिछले साल की इसी तिमाही से मामूली सा कम है पर पिछली जून तिमाही के मुकाबले इसमें 30 फीसदी का उछाल देखने को मिला है। पिछली तिमाही के मुकाबले रिलायंस रिटेल के शुद्ध लाभ में भी 125 फीसदी से अधिक का इजाफा देखने को मिला।   

पेट्रोकेमिकल्स और रिटेल सेगमेंट में की अच्छी रिकवरी- मुकेश अंबानी
नतीजों पर टिप्पणी करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा  'हमने पेट्रोकेमिकल्स और रिटेल सेगमेंट में अच्छी रिकवरी की है, जियो में हमारा बिजनेस लगातार मजबूत हुआ है और कुल मिलाकर हमने पिछली तिमाही के मुकाबले इस तिमाही में बेहतर नतीजे दिए हैं। हमारे ओ-टू-सी बिजनेस में मांग के स्तर में तेज सुधार हुआ है। ज्यादातर प्रोडक्ट्स के मामले में घरेलू माग एक बार फिर बढ़कर तकरीबन कोविड के पहले वाले स्तरों पर पहुच गई है। देश भर में लॉकडाउन के हटने से रिटेल व्यापार में स्थितियां तेजी से सामान्य हुई और महत्वपूर्ण उपभोक्ता वस्तुओं की मांग में वृद्धि हुई है। पिछले छह महीनों में हमने जियो और रिटेल बिजनेस में खासी पूंजी जुटाई है और साथ ही कुछ प्रभावशाली रणनीतिक और वित्तीय निवेशकों को रिलायंस परिवार में शामिल किया है। भारतवर्ष की उन्नति को ध्यान में रखते हुए हमने अपने सभी व्यवसायों में तेज वृद्धि का लक्ष्य रखा है।'

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें