कार कंपनियों द्वारा रिकॉल किया जाना एक प्रगतिवादी कदम है, इससे ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ग्राहकों के प्रति पारदर्शिता बढ़ रही है। ह्यूंदे मोटर्र्स इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) राकेश श्रीवास्तव का ऐसा मानना है। उनके अनुसार यदि मोदी सरकार जीएसटी लागू करती है और उत्पाद शुल्क में कटौती को बरकरार रखने जैसे कदम उठाती है, तो इंडस्ट्री को एक बड़ा बूस्ट मिलेगा। ह्यूंदे की भारतीय बाजार को लेकर क्या रणनीति है, इन सभी मसलों पर अमर उजाला के प्रशांत श्रीवास्तव ने राकेश श्रीवास्तव से विस्तार से बातचीत की। पेश है प्रमुख अंश
प्रश्न: मोदी सरकार से आगामी बजट में किस तरह की उम्मीद है?
उत्तर: हमें उम्मीद है कि नए कदमों के जरिए बाजार में तेजी लाने के कदम सरकार उठाएगी। इसके तहत यदि जीएसटी लागू किया जाता है, तो वह एक बड़ा बूस्ट होगा। ऐसा होने से कीमतों में कमी आएगी। इसके अलावा उत्पाद शुल्क में जारी कटौती को बरकरार रखने और ब्याज दरों में कमी की उम्मीद हैं।
प्रश्न: हाल के दिनों में कार कंपनियों द्वारा रिकॉल के मामले बढ़े हैं, इसे उपभोक्ता किस नजर से देखें?
उत्तर: कार रिकॉल एक प्रगतिवादी कदम है। इससे ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ग्राहकों के प्रति न केवल पारदर्शिता बढ़ रही है बल्कि कंपनियों की ग्राहकों के लिए संवेदनशीलता भी दिखती है। भारतीय ग्राहक इसे पहले से ज्यादा स्वीकार कर रहे हैं। तेजी से बढ़ते भारतीय कार बाजार के लिए यह एक सकारात्मक कदम है।
प्रश्न: छोटे शहरों में ह्यूंदे किस तरह अपना कारोबार बढ़ा रही है, उसको लेकर क्या रणनीति है?
उत्तर: ह्यूंदे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से अपना नेटवर्क बढ़ा रही है। टियर-3 शहरों में कंपनी के 350 रुरल सेल्स आउटलेट हो चुके हैं। ग्रामीण और कस्बों से ईऑन की 46 फीसदी, आई-10 की 21 फीसदी, आई-20 की 14 फीसदी बिक्री हो रही है। इन क्षेत्रों में बिक्री साल 2014 में 20 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। शहरी बाजार की तुलना में इस बाजार में कहीं तेजी की संभावना है।
प्रश्न: कंपनी ने हाल ही में एक्ससेंट लांच की है। इसकी मांग कैसी है?
उत्तर: एक्ससेंट को लांच करने के समय से ही बहुत अच्छा रिस्पांस मिला है। पहले आठ हफ्ते में हमें 1.50 लाख से ज्यादा लोगों के तरफ से एक्ससेंट के बारे में पूछताछ आई। दो महीने में हमने 16,179 एक्ससेंट की डिलीवरी की है। मांग को देखते हुए कंपनी उत्पादन क्षमता को भी बढ़ा रही है।
प्रश्न: कंपनी के पोर्टफोलियो में ईऑन और आई-10 दोनों कारें हैं, ऐसे में क्या कंपनी अपने पुराने ब्रांड सेंट्रो को फेज आउट करेगी?
उत्तर: सेंट्रो भारत में काफी मजबूत ब्रांड है। यह पेट्रोल, एलपीजी और सीएनजी में उपलब्ध हैं। हम हर महीने 4,000 सेंट्रो की बिक्री कर रहे हैं। इसे देखते हुए ह्यूंदे सेट्रो को फेज आउट करने का कोई योजना नहीं है, इसे जारी रखा जाएगा।