परिचालन से बाहर हुए 90 फीसदी विमान
जेट एयरवेज का संकट गहराता जा रहा है। सिर्फ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ही नहीं, एयरलाइन ने बृहस्पतिवार को यह भी कहा कि पट्टा यानी लीज किराये का भुगतान नहीं करने से 10 और विमानों का परिचालन बंद हो गया है। इसके साथ परिचालन से बाहर होने वाले विमानों की संख्या 79 पहुंच गयी है। शुक्रवार को जेट एयरवेज के केवल 16 विमान परिचालन में रह गए हैं।
कंपनी ने बीएसई को दी सूचना
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई को दी सूचना में एयरलाइन ने कहा कि पट्टा समझौते के तहत पट्टे की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने के कारण 10 अन्य विमानों का परिचालन बंद करना पड़ा है। कोष जुटाने में लगी जेट एयरवेज ने कहा कि वह अपने नेटवर्क पर बाधाओं को कम करने के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। कंपनी के बयान के अनुसार, 'कंपनी इस संदर्भ में जरूरी जानकारी से नागर विमानन महानिदेशालय को अवगत कराती रहेगी।'
गोयल को सता रही कंपनी की चिंता
गुरुवार को खबर आई थी कि जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल कंपनी में फिर से अपनी हिस्सेदारी खरीद सकते हैं। गोयल ने संकट में फंसी एयरलाइन कंपनी जेट एयरवेज में अपनी 26 फीसदी हिस्सेदारी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पास गिरवी रखी है। यह हिस्सेदारी कर्ज के लिए सुरक्षा गारंटी है। बता दें कि ऋण समाधान योजना के तहत, नरेश गोयल और उनकी पत्नी अनिता गोयल पिछले सप्ताह कंपनी के निदेशक मंडल से हट गए थे।
एयरलाइन ने शेयर बाजार को दी सूचना
गुरुवार को जेट एयरवेज ने शेयर बाजार को सूचना दी थी कि गोयल ने पंजाब नेशनल बैंक के पास 2.95 करोड़ शेयर यानी 26.01 फीसदी हिस्सेदारी गिरवी रखी है। जेट एयरवेज (इंडिया) लिमिटेड द्वारा लिए गए कर्ज के लिए सुरक्षा के तौर पर यह हिस्सेदारी चार अप्रैल को गिरवी रखी गई है।