बाबा रामदेव की 'खादी' के उत्पादन में बड़े स्तर पर उतरने की योजना है। अपने आयुर्वेदिक उत्पादों के लिए जानी जाने वाली पतंजलि अब स्वदेशी कपड़ों का उत्पादन करने वाली है। रामदेव का कहना है, 'अगर हमारे देश में फैब इंडिया जैसी विदेशी कंपनियां खादी प्रॉडक्ट्स बेच रही हैं तो यह महात्मा गांधी और उनकी राजनीतिक विचारधारा की हत्या है। पतंजलि की कपड़ा सेक्टर के लिए बड़ी योजनाएं हैं। लंगोट से लेकर कोट तक हर चीज बनाई जाएगी।'
मरीजों को ध्यान में रखकर बनाए जाएंगे कपड़े
बाबा रामदेव का कहना है कि वो विदेशी कंपनियों को भारत से भगाना चाहते हैं। पतंजलि का प्रोजेक्ट वो हर प्रोडक्ट बनाने का है जिसे विदेशी कंपनियां भारत में धड़ल्ले से बेच रही हैं। मेड इन इंडिया के उद्देश्य से प्रोडक्ट्स बनाने में लगे बाब रामदेव पहले से ही भारतीय मार्केट में छाए हुए हैं।
खबरों की मानें तो पतंजलि न केवल जींस बल्कि कोट ले लेकर लंगोट तक बाजार में लाने की तैयारी कर रही है। मरीजों को ध्यान में रखकर भी कपड़ों को बनाया जाएगा।
फेसबुक, गूगल से भी किया करार
पतंजलि के उत्पादों को खरीदने में अगर कोई दिक्कत आ रही है तो घर बैठे आप फेसबुक या फिर गूगल से इसके लिए ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे। इसके लिए बाबा रामदेव ने दोनों बड़ी ऑनलाइन टेक कंपनियों से करार किया है।
टीवी और अखबार के बाद ऑनलाइन का किया रुख
बाबा रामदेव ने जब से पतंजलि को शुरू किया है, तब से उनका फोकस टीवी और अखबार में विज्ञापन देने का रहा है। लेकिन अब ऑनलाइन पर भी कंपनी ने अपना फोकस शुरू कर दिया है।