वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि मल्टीब्रांड में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव का कोई प्रस्ताव नहीं है।
एक अन्य पूरक प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि हाल ही में सरकार की ओर से छोटे कारोबारियों के लिए घोषित पेंशन योजना के तहत हलफनामा देने की व्यवस्था की गई है क्योंकि मोदी सरकार को देश के व्यापारियों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया है।
वहीं ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार विभाग द्वारा आयोजित भारत दिवस कार्यक्रम के मौके पर भी गोयल ने अलग से कहा कि मल्टीब्रांड खुदरा क्षेत्र में 49 फीसदी एफडीआई सीमा का सभी विदेशी ब्रांडों को अक्षरश: पालन करना चाहिए।
बता दें कि ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आगे माने जा रहे बोरिस जॉनसन ने हाल में इस बात पर निराशा जताई थी कि ब्रिटेन की खुदरा क्षेत्र की दिग्गज कंपनियां भारत में अपनी पैठ नहीं बना पाई हैं। जॉनसन ने कहा था कि वह चाहते हैं कि भारत ब्रिटेन के शानदार ब्रांडों के लिए अपने दरवाजे और खोले।