वैश्विक व्यापार में रुपये को पसंदीदा मुद्रा बनाने आरबीआई ने उठाया कदम
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने निर्यात और वैश्विक व्यापार में रुपये को पसंदीदा मुद्रा के रूप में बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए हैं। पिछले महीने आरबीआई ने घरेलू मुद्रा में बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए बैंकों से भारतीय रुपये में निर्यात और आयात लेन देन के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने को कहा था।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में एक सवाल के जवाब में कहा, निर्यात में बढ़त से व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिल सकती है। सीतारमण ने कहा, भारतीय रुपये में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए चालान और भुगतान की मंजूरी देने वाला ढांचा सभी भागीदार देश के लिए लागू है। आरबीआई ने 12 जुलाई को रुपये में कारोबार करने की भारतीय आयातकों और निर्यातकों को मंजूरी दी थी।
इक्विटी म्यूचुअल फंड में 43% घटा निवेश
जुलाई में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश 43 फीसदी घटकर 8,898 करोड़ रुपये पर आ गया है। साथ ही यह लगातार 17वां महीना है जिसमें इक्विटी योजनाओं में सकारात्मक निवेश रहा है। जून में 15,495 करोड़ रुपये की रकम आई थी। मई में यह 18,529 करोड़ रुपये थी। अप्रैल में 15,890 करोड़ रुपये का निवेश आया था।
एचडीएफसी बैंक का कर्ज महंगा
एचडीएफसी बैक ने कर्ज महंगा कर दिया है। इसने एमसीएलआर में 0.10 फीसदी की बढ़त की है। इससे अब कम से कम ब्याज दर 7.80 फीसदी हो गई है। कर्ज की नई दर 8 अगस्त से लागू हो गई है। दो साल के कर्ज का ब्याज 8.20 फीसदी जबकि तीन साल का कर्ज 8.30 फीसदी हो गया है।
जेएसडब्ल्यू 48,000 करोड़ करेगी निवेश
जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा है कि वह अगले तीन वर्षों में 48,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने बताया कि इसमें से 20,000 करोड़ रुपये चालू वित्तवर्ष में निवेश किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि इस रकम को कई अलग-अलग परियोजनाओं में निवेश किया जाएगा।
बीबा के आईपीओ पर सेबी की रोक
सेबी ने बीबा फैशन के आईपीओ पर फिलहाल रोक लगा दी है। हालांकि इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसने सेबी के पास 12 अप्रैल को कागजात जमा कराया था। 30 दिन में सेबी आईपीओ के बारे में अपनी राय देती है।