दुनिया के सबसे प्रसिद्ध निवेशकों में से एक वॉरेन बफेट ने सोमवार को अपने अंतिम सीईओ पत्र में कहा कि वे अब 'शांत रहेंगे'। करीब 60 साल तक बर्कशायर हैथवे के नेतृत्व के बाद 94 वर्षीय बफेट इस साल के अंत में पद छोड़ देंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वे हर साल अपने बच्चों और शेयरधारकों को थैंक्सगिविंग संदेश भेजना जारी रखेंगे।
अपने आखिरी शब्दों में बफेट ने किसी शोर-शराबे या बड़े एलान से नहीं, बल्कि सादगी और विनम्रता से विदाई ली। उन्होंने लिखा मेरी सबसे बड़ी विरासत धन नहीं, बल्कि साझा की गई बुद्धिमत्ता और विश्वास है।
ग्रेग एबेल होंगे नए CEO
बफेट के उत्तराधिकारी के रूप में ग्रेग एबेल कंपनी की कमान संभालेंगे। एबेल 2000 से कंपनी से जुड़े हैं, जब बर्कशायर ने उनका ऊर्जा कारोबार अधिग्रहित किया था। बफेट ने कहा 'वह हमारी कंपनियों और कर्मचारियों को मुझसे कहीं बेहतर समझते हैं। वह एक बेहतरीन प्रबंधक, मेहनती और ईमानदार संचारक हैं।' उन्होंने जोड़ा मैं चाहता हूं कि उनकी सेहत अच्छी रहे और वे लंबे समय तक बर्कशायर का नेतृत्व करें।
ये भी पढ़ें:- US Tariffs: 'हम टैरिफ कम करने जा रहे हैं, किसी समय कम कर देंगे', भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर ट्रंप का बड़ा बयान
60 साल की परंपरा का अंत
1965 से हर साल बफेट द्वारा लिखा गया वार्षिक पत्र निवेशकों के लिए ‘बाइबल’ माना जाता था। इन पत्रों में न केवल वित्तीय रिपोर्ट होती थी, बल्कि जीवन दर्शन, निवेश के गुर और व्यावहारिक बुद्धिमत्ता भी झलकती थी। अब यह परंपरा एबेल आगे बढ़ाएंगे।
अपने अंतिम पत्र में बफेट ने दान, उम्र और जीवन की सीखों पर भावनात्मक अंदाज में लिखा। उन्होंने घोषणा की कि वे अपने पास बचे 149 अरब डॉलर मूल्य के शेयर दान करेंगे। उन्होंने कहा “मुझे अब भी अच्छा महसूस होता है। मैं धीरे चलता हूं और पढ़ने में थोड़ा समय लेता हूं, लेकिन मैं हफ्ते में पांच दिन दफ्तर जाता हूं और शानदार लोगों के साथ काम करता हूं।” उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में 1,800 क्लास ए शेयर, जिनकी कीमत लगभग 1.35 अरब डॉलर है, को क्लास बी शेयरों में बदलकर अपने चार पारिवारिक ट्रस्टों को दान किया है।
ये भी पढ़ें:- US: व्हाइट हाउस में सीरियाई राष्ट्रपति अल शरा का भव्य स्वागत, ट्रंप के साथ मुलाकात; इन मुद्दों पर हुई बातचीत
फिलैंथ्रॉपी की रफ्तार बढ़ाने का फैसला
बफेट ने कहा कि वे अपने ट्रस्टों के कामकाज को तेज करना चाहते हैं ताकि उनकी पूरी संपत्ति सही समय पर दान में दी जा सके। उन्होंने लिखा “मैं चाहता हूं कि मेरे फाउंडेशन मेरे जीवित रहते ही अधिकांश संपत्ति वितरित कर दें।”
बर्कशायर में भरोसा बरकरार
भले ही वे सीईओ पद छोड़ रहे हैं, बफेट ने कहा कि उनका भरोसा बर्कशायर हैथवे के भविष्य पर कायम है। वे तब तक अपनी कुछ क्लास ए शेयरों को बनाए रखेंगे जब तक निवेशकों को नई लीडरशिप पर पूरा भरोसा नहीं हो जाता। उन्होंने लिखा यह विश्वास ज्यादा समय नहीं लेगा।