विस्तारा एयरलाइंस ने गुरुवार को हवाई यात्रियों के लिए बड़ा एलान किया है। विस्तारा ने कहा है कि वे अगले महीने से नई दिल्ली और मुंबई से सिंगापुर तक की नई फ्लाइट की शुरुआत करेगी। बता दें कि सिंगापुर एयरलाइंस के साथ टाटा ग्रुप विस्तारा एयरलाइंस को चलाता है।
इस संदर्भ में विस्तारा ने कहा कि वह हर रोज नई दिल्ली और मुंबई से सिंगापुर तक एक-एक फ्लाइट चलाएगी, जिसकी शुरुआत क्रमश: छह अगस्त और सात अगस्त को होगी।
विस्तारा का दिल्ली स्थित वाहक वर्तमान में 23 घरेलू गंतव्यों को संचालित करता है। विस्तारा की अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के लिए बोइंग 737-800 एनजी विमान को लगाया जाएगा, जिसमें यात्रियों को बिजनेस और इकोनॉमी क्लास की टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी।
इस संदर्भ में विस्तारा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेस्ली थिंग ने कहा कि, 'यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हम अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान सिंगापुर के लिए शुरू कर रहे हैं। हम इसे कॉरपोरेट, व्यवसाय और छुट्टियां मनाने के उद्देश्य से बहुत अहम बाजार के रूप में देखते हैं।' सिंगापुर के बाद विस्तारा अन्य देशों में भी एयरलाइंस की शुरुआत करेगी।