संयुक्त राष्ट्र ने दावा किया है कि भारत 2019, 2020 में दुनिया की सबसे तेज अर्थव्यवस्था वाला देश बना रहेगा। इस दौरान उसकी विकास दर चीन से काफी आगे रहेगी। इससे पहले यूएन ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती जारी रहने का अनुमान जताया था।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत की जीडीपी वृद्धि दर अगले वित्त वर्ष में 7.6 फीसदी और चालू वित्त वर्ष में 7.4 फीसदी रहने का अनुमान है। हालांकि, वित्त वर्ष 2020-21 में इसमें मामूली गिरावट आने की आशंका और यह 7.4 फीसदी की रफ्तार से आगे बढ़ेगी।
यूएन ने कहा कि इस दौरान चीन की विकास दर 2019 में 6.3 फीसदी और 2020 में 6.2 फीसदी रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में यह तेजी निजी निवेश में भारी उछाल के चलते दिखाई देगी। इसके अलावा व्यापार युद्ध के असर से वैश्विक व्यापार वृद्धि पर असर होगा और यह 2017 के 5.3 फीसदी से गिरकर 2018 में 3.8 फीसदी रह जाएगी।
वैश्विक अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019 और 2020 में इसकी वृद्धि दर तीन प्रतिशत के करीब रहेगी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने आगाह करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक संकेतक काफी हद तक अनुकूल हैं, लेकिन वे पूरी कहानी नहीं बताते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक स्थिति एवं संभावनाएं 2019 में वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर के टिकाऊ होने पर चिंता जताई गई है।