भारतीय शेयर बाजार में इस सप्ताह खुले पांच कंपनियों की प्रारंभिक पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) को खुदरा निवेशकों के दम पर जबरदस्त सब्सक्रिप्शन मिला है। ये कंपनियां बाजार से 7,377 करोड़ रुपये जुटाने उतरीं थीं। इसके बदले इनको 2.59 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के आवेदन मिले हैं।
सबसे ज्यादा 3,042 करोड़ रुपये जुटाने वाली टाटा टेक ने एलआईसी के रिकॉर्ड को तोड़ भारतीय आईपीओ बाजार में इतिहास रचा है। टाटा टेक को कुल 73.58 लाख आवेदन मिले हैं। पिछले साल एलआईसी के इश्यू में कुल 73.34 लाख आवेदन मिले थे। हालांकि, उसमें भी 20 लाख से ज्यादा आवेदन विभिन्न कारणों से खारिज हो गए थे। 2008 में अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर को 48 लाख आवेदन मिले थे। करीब 18 महीने बाद आए सरकारी आईपीओ इरेडा को कुल 30.92 लाख आवेदन प्राप्त हुए। फ्लेयर को 17 लाख, गांधार ऑयल को 28.47 लाख और फेडफिना को 3.67 लाख आवेदन मिले हैं।
40 में से 38 आईपीओ में निवेशकों को लाभ
इस साल अब तक 45 आईपीओ आ चुके हैं। इनमें से लिस्टेड 40 आईपीओ में से 38 में निवेशकों ने जमकर कमाई की है। बीते दस साल में 2017-18 में छोटी कंपनियों को मिलाकर सर्वािधक 188 कंपनियां आईपीओ लाई थीं। हालांकि इन सभी ने केवल 30,090 करोड़ रुपये ही जुटाए थे। 2021-22 में 120 कंपनियों ने 1.1 लाख करोड़ रुपये की रकम जुटाई।