प्रत्येक भारतीय नागरिक के लिए आधार कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह केवल एक दस्तावेज ही नहीं है, बल्कि पहचान पत्र है। किसी भी वित्तीय लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आधार बेहद जरूरी है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार से जुड़ी सेवाएं देखने वाली अथॉरिटी है। नागरिकों के हित के लिए यूआईडीएआई समय-समय पर महत्वपूर्ण जानकारी देता रहता है। यूआईडीएआई ने आधार से जुड़ी दो खास सुविधाओं को अनिश्चित समय तक के लिए बंद कर दिया है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने एड्रेस वैलिडेशन लेटर के जरिए आधार कार्ड में पता अपडेट कराने की सुविधा और पुराने स्टाइल वाला लंबा-चौड़ा आधार कार्ड रीप्रिंट करने की सेवा को बंद कर दिया है।
एड्रेस वैलिडेशन लेटर
यूआईडीएआई ने एड्रेस वैलिडेशन लेटर के जरिए आधार अपडेट कराने की सुविधा को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। यूआईडीएआई की वेबसाइट से एड्रेस वैलिडेशन लेटर से जुड़ा विकल्प हट गया है। इसलिए आप अपडेशन के लिए किसी अन्य तरीके का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप अन्य वैलिड एड्रेस प्रूफ की इस सूची- (
https://uidai.gov.in/images/commdoc/valid_documents_list.pdf) में से किसी भी एक एड्रेस प्रूफ के जरिए अपना एड्रेस अपडेट करा सकते हैं।
इसका सीधा असर किराए पर रहने वाले लोगों पर पड़ेगा क्योंकि किराएदार या अन्य आधार कार्ड होल्डर्स इसके जरिए अपना एड्रेस आसानी से अपडेट करा पाते थे। इसके अलावा जिन लोगों के पास एड्रेस में संशोधन के लिए कोई दस्तावेज नहीं है उनको भी परेशानी हो सकती है.
UIDAI ने बंद की रीप्रिंट की सुविधा
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड रीप्रिंट का फॉर्मेट बदल दिया है। यूआईडीएआई अब पॉलिविनाइल क्लोराइड (PVC) आधार कार्ड जारी करता है। यह पुराने स्टाइल वाले लंबा-चौड़ा आधार कार्ड के मुकाबले बेहद आकर्षक है और एटीएम कार्ड जितना छोटा है। ऐसे में पानी से खराब होने या टूटने का डर नहीं रहेगा। इसलिए इसे आप आसानी से अपनी जेब में रख सकते हैं।
50 रुपये लगेगा शुल्क
पीवीसी कार्ड पर आधार को प्रिंट करवाने और घर तक मंगवाने के लिए आपको महज 50 रुपये का शुल्क देना होग। यदि आपके परिवार में चार लोग हैं तो आपको 200 रुपये का शुल्क अदा करना होगा। एक ग्राहक द्वारा आधार कार्ड हेल्पलाइन से रीप्रिंट को लेकर पूछे गए सवाल पर आधार हेल्प सेंटर ने बताया कि आप ऑनलाइन माध्यम से आधार पीवीसी कार्ड ऑर्डर कर सकते हैं। वहीं अगर आप आधार को फ्लेक्सिबल पेपर फॉर्मेट में रखना चाहते हैं तो आप ई-आधार का प्रिंट निकलवा सकते हैं।