प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु में कथित अवैध रेत खनन की जांच से जुड़ी धन शोधन जांच के सिलसिले में शनिवार को राज्य में छापे मारे। सूत्रों ने बताया कि लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन के दामाद आधव अर्जुन के चेन्नई और कोयंबटूर स्थित कुछ परिसरों के तलाशी ली जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि कथित अवैध रेत खनन मामले में करीब 10 परिसरों की तलाशी ली जा रही है और धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत ईडी इसकी जांच कर रहा है।
ईडी ने मार्टिन के खिलाफ एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच की है, जो सिक्किम सरकार की लॉटरी की बिक्री से संबंधित कथित अपराधों के लिए उनके और अन्य के खिलाफ सीबीआई के मामले से उपजा है। लॉटरी किंग के नाम से मशहूर मार्टिन और उनकी कंपनी फ्यूचर गेमिंग सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बारे में कहा जाता है कि वे सिक्किम लॉटरी के मास्टर डिस्ट्रीब्यूटर थे।
बंगाल और ओडिशा में ईडी के छापे, 30 लाख नकद, 1.24 करोड़ का सोना जब्त
ईडी ने कथित अवैध लौह अयस्क खनन घोटाले से संबंधित मामले में भुवनेश्वर, बारबिल, राउरकेला, क्योंझर और कोलकाता में मेसर्स दीपक स्टील एंड पावर लिमिटेड, मेसर्स स्नेहपुष्प मार्केटिंग (पी) लिमिटेड, इसके निदेशकों और अन्य के 12 परिसरों पर छापेमारी की।
ईडी ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि तलाशी अभियान के दौरान 30 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, 1.24 करोड़ रुपये की 2 किलोग्राम सोने की ईंटें, एक वोल्वो एक्ससी 40 कार, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी कंपनियों के निदेशकों से संबंधित छह बैंक खातों में 1.23 करोड़ रुपये की शेष राशि को फ्रीज करते हुए, दो बैंकों को एक फ्रीजिंग आदेश भी जारी किया गया था।