दिवाली के अगले दिन सेंसेक्स गिरावट के साथ बंद हुआ है। मंगलवार को सेंसेक्स 287.70 अंक टूटकर 59,543.96 अंक पर और निफ्टी 74.40 अंक के नुकसान से 17,656.35 अंक पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की तेजी के साथ 82.81 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बाजार में पिछले सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर मंगलवार को थम गई। यूरोपीय बाजार के मिले-जुले रुख और एशियाई बाजार में गिरावट के बीच वित्तीय कंपनियों के शेयर में नुकसान से बाजार नीचे आया।
सेंसेक्स के शेयरों में ये नुकसान में रहे
नेस्ले इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स
इनके के शेयर मजबूती लेकर बंद
दूसरी तरफ टेक महिंद्रा, मारुति, लार्सन एंड टुब्रो, डॉ रेड्डीज, भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी
एशिया-यूरोप के बाजारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे, जबकि जापान का निक्की लाभ लेकर बंद हुआ। वहीं, यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को बढ़त में बंद हुआ।
रुपये की हालत
इस बीच अमेरिकी मुद्रा की तुलना में रुपया सात पैसे की तेजी के साथ 82.81 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.71 पर खुला और बाद में इसने 82.62 के उच्चस्तर तथा 82.81 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 82.81 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
सोना 196 रुपये टूटा, चांदी 724 रुपये लुढ़की
वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 196 रुपये टूटकर 50,702 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत भी 724 रुपये टूटकर 57,501 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।