एक दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार सोमवार को फिर नई ऊंचाई पर पहुंच गया। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स 443.46 (0.56%) अंकों की बढ़त के साथ 79,476.19 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 131.36 (0.55%) अंक चढ़कर 24,141.95 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, जेएसडब्ल्यू स्टील, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से तेजी दर्ज की गई।
दूसरी तरफ एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "घरेलू बाजार ने अपनी तेजी को बरकरार रखा। अमेरिकी मुद्रास्फीति में कमी ने सितंबर में फेडरल रिजर्व की तरफ से दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ाई हैं। इस उम्मीद ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों के मजबूत प्रदर्शन में योगदान दिया।"
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट बढ़कर बंद हुए। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत बढ़कर 85.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 23.09 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 443 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोमवार को प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स नए हाई पर बंद हुए।इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,43,05,344.36 करोड़ रुपये यानी 5.31 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया।