शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कमजोरी के बाद खरीदारी दिखी। बाजार लगातार पांचवें दिन नई ऊंचाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स 141.34 (0.18%) अंकों की बढ़त के साथ 77,478.93 के नए हाई पर बंद हुआ। दूसरी ओर निफ्टी 51.00 (0.22%) अंक चढ़कर पहली बार 23,567.00 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस के शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट और टीसीएस के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल

निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर

रुपया 17 पैसे टूटकर 83.61 प्रति डॉलर के दो माह के निचले स्तर पर हुआ बंद
पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे टूटकर दो महीने के निचले स्तर 83.61 (अस्थायी) पर बंद हुआ। हालांकि, इस दौरान स्थानीय शेयर बाजार नई ऊंचाई पर पहुंच गए।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी पूंजी के प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख के बावजूद स्थानीय मुद्रा को समर्थन नहीं मिल सका। स्थानीय मुद्रा विदेशों में प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण दबाव में आ गई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय रुपया 83.43 पर खुला और 83.42 के दिन के उच्चतम स्तर को छू गया। सत्र के दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले 83.68 के सर्वकालिक निचले स्तर पर भी आया। अंत में यह 17 पैसे की गिरावट के साथ 83.61 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एक पैसे की गिरावट के साथ 83.44 पर बंद हुआ था। इससे पहले रुपया इस साल 16 अप्रैल को 83.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण रुपये में गिरावट आई।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत बढ़कर 105.10 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.18 प्रतिशत बढ़कर 85.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 141.34 अंक बढ़कर 77,478.93 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 51 अंक की बढ़त के साथ 23,567 अंक के नए शिखर पर बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने 7,908.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।