मजबूत खरीदारी के बाद घरेलू शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ। शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 282.88 (0.44%) अंकों की बढ़त के साथ 64,363.78 जबकि निफ्टी 97.35 (0.51%) अंक उछलकर 19,230.60 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार की मजबूती में बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी और कंज्युमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों का योगदान रहा। इससे पहले गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 489 अंक चढ़कर 64,080 पर बंद हुआ था। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन रुपया डॉलर के मुकाबले छह पैसे की गिरावट के साथ 83.28 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ।
इंडिगो को दूसरी तिमाही में 188.93 करोड़ रुपये का हुआ मुनाफा
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं। स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि उसे 30 सितंबर को समाप्त तिमाही में सालाना आधार पर 188.93 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। बीते वित्तीय वर्ष में इसी अवधि में कंपनी को 1,583.3 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था।
विमानन कंपनी को वित्तीय वर्ष 2024 की पहली तिमाही में 3,090.6 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 19.57 प्रतिशत बढ़कर 14,944 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल 12,498 करोड़ रुपये था।
दूसरी तिमाही में यूको बैंक का नेट प्रॉफिट 20.39% घटा
सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 20.39 प्रतिशत घटकर 402 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 505 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान बैंक का परिचालन लाभ भी सालाना आधार पर 17.47 प्रतिशत घटकर 982 करोड़ रुपये रह गया। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि दूसरी तिमाही के दौरान उसकी शुद्ध ब्याज आय 8.30 प्रतिशत बढ़कर 1,917 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,770 करोड़ रुपये रही थी।
ओडिशा सरकार ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण का इकोसिस्टम विकसित करने के लिए किया एमओयू
ओडिशा सरकार ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण का इकोसिस्टम विकसित करने के लिए तीन सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। सरकार ने इंडिया इलेक्ट्रॉनिक एंड सेमीकंडक्टर एसोसिएशन (आईईएसए), वैश्विक सेमीकंडक्टर दिग्गज सिनोप्सिस और इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईएससी) के साथ तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।