बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गुरुवार को लगभग 2 प्रतिशत की तेजी आई। पारस्परिक टैरिफ पर अमेरिका-जापान व्यापार वार्ता में सफलता की उम्मीद के बीच बाजार लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। इस दौरान, विदेशी निवेशकों के घरेलू शेयर बाजारों में लौटने से बाजार का रुझान सकारात्मक हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, सन फार्मा, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज सर्वाधिक लाभ में रहीं। टेक महिन्द्रा और मारुति में गिरावट दर्ज की गई।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3,936.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। मंगलवार को एफआईआई ने 6,065.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक, टोक्यो का निक्केई 225, शंघाई एसएसई कम्पोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार नकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजार काफी गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका और जापान वर्तमान में पारस्परिक टैरिफ पर व्यापार वार्ता कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य जल्द से जल्द समझौता करना है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, " अमेरिका-चीन के बीच व्यापार तनाव से अपेक्षाकृत न्यूनतम व्यवधान की उम्मीद से बाजार को बल मिला है। इसके अलावे, महंगाई के नरम आंकड़ों से भी बाजार की धारणा बदली।"
ये भी पढ़ें: Samwad 2025: 'जो गड़बड़ करेगा कार्रवाई होगी', ईडी-सीबीआई के गलत इस्तेमाल के आरोपों पर जितिन प्रसाद की दो टूक
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.94 प्रतिशत बढ़कर 66.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बुधवार को वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख को दरकिनार करते हुए बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे सत्र में 309.40 अंक या 0.40 प्रतिशत चढ़कर दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 77,044.29 पर बंद हुआ था। निफ्टी 108.65 अंक या 0.47 प्रतिशत चढ़कर 23,437.20 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को 'गुड फ्राइडे' के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहेंगे।
ये भी पढ़ें: Samwad 2025: 'यूपी डबल इंजन की सरकार का रोल मॉडल', अमर उजाला संवाद के मंच पर बोले जितिन प्रसाद