India-New Zealand FTA: भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर दूसरे दौर की वार्ता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस वार्ता में व्यापार, निवेश, सीमा शुल्क और तकनीकी सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर प्रगति हुई। तीसरे दौर की बैठक सितंबर 2025 में न्यूजीलैंड में होगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर दूसरे दौर की वार्ता शुक्रवार को नई दिल्ली में सफलतापूर्वक पूरी हो गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, इस वार्ता से दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके न्यूजीलैंड के समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन की मार्च 2025 में मुलाकात हुई थी। इस दौरान तय दिशानिर्देशों के अनुरूप एफटीए पर यह प्रगति हुई है। यह एफटीए वार्ता औपचारिक रूप से 16 मार्च को वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले की बैठक में शुरू हुई थी।
वार्ता को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए दोनों पक्ष
इससे पहले, पहली बैठक मई में नई दिल्ली में हुई थी। वहीं, दूसरी बैठक 14 जुलाई से 25 जुलाई तक चली, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें वस्तु एवं सेवा व्यापार, निवेश, मूल देश नियम, सीमा शुल्क प्रक्रिया, तकनीकी बाधाएं, स्वास्थ्य और सुरक्षा मानक और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दे शामिल हैं। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि बातचीत को संतुलित और आधुनिक दिशा में आगे बढ़ाना है।
सितंबर में होगी तीसरे दौर की वार्ता
अब तीसरे दौर की वार्ता सितंबर 2025 में न्यूजीलैंड में होगी। इससे पहले दोनों देश ऑनलाइन बैठक के जरिए बातचीत की गति बनाए रखेंगे। मंत्रालय के अनुसार, भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार 2024-25 में 1.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 48.6 फीसदी की वृद्धि है। यह एफटीए दोनों देशों के व्यापार, निवेश, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती और कारोबार के लिए स्थिर माहौल बनाने में मदद करेगा।