बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता-निर्देशक करन जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि आरपी संजीव गोयनका के स्वामित्व वाली म्यूजिक कंपनी सारेगामा इंडिया लिमिटेड करन जोहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस में बड़ी हिस्सेदारी खरीदने के लिए बातचीत कर रही है। मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने कहा है कि डील अब भी अंतिम चरण में नहीं पहुंची है और दोनों पक्ष पीछे हट सकते हैं।
खबर देने वाले सूत्रों के अनुसार बॉक्स ऑफिस की उठापटक, अभिनेताओं की बढ़ती फीस और सैटेलाइट व डिजिटल अधिकारों पर निर्भरता खत्म होने से कंपनी के लिए अकेले संचालन करना मुश्किल साबित हो रहा था। इसे देखते हुए कंपनी ने हिस्सेदारी बेचने का फैसला लिया।
इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार पिछले कुछ सालों में, सारेगामा ने कंटेंट के मोर्चे पर आक्रामक रूप से दांव लगाया लेकिन वह फिल्म या ओटीटी प्रोडक्शन के मामले में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। हालांकि, इसके म्यूजिक कैटलॉग की बदौलत, कंपनी का मूल्यांकन बहुत अधिक है और देश के शीर्ष फिल्म प्रोडक्शन हाउस में से एक में हिस्सेदारी हासिल करने के लिए इसके पास पर्याप्त साधन हैं।
सूत्रों के अनुसार सारेगामा को लगता है कि वह धर्मा के साथ कदम आगे बढ़ाकर इंडस्ट्री में उसके संबंधों का लाभ उठा सकेगा। साथ ही शीर्ष सितारों के साथ आसानी से प्रोजेक्ट बनाने की धर्मा प्रोडक्शंस की क्षमता का भी कंपनी को लाभ मिलेगा । कंपनी ने इस दिशा में यह देखते हुए कदम आगे बढ़ाए हैं कि फिल जियो स्टूडियो के अलावा कोई भी प्रोडक्शन कंपनी नई फिल्मों की ओर नहीं बढ़ रही है।
फाइनेंशियल इंटेलिजेंस फर्म टोफ्लर पर मौजूद धर्मा प्रोडक्शंस के अनुमानित वित्तीय जानकारी के अनुसार, FY23 में इसका राजस्व 1,044.16 करोड़ रुपये, जबकि मुनाफा 110.69 करोड़ रुपये रहा। इसी वर्ष, सारेगामा का राजस्व 790.3 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 185.1 करोड़ रुपये रहा।
करन जोहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस मंगलवार को अपनी 44वीं सालगिरह भी मना रही है। कंपनी की शुरुआत करन जौहर के पिता यश जौहर ने साल 1976 में की थी। कंपनी की सालगिरह के मौके पर करण जौहर ने इंस्टाग्राम एक भावुक संदेश साझा करते हुए समर्थन देने वालों को धन्यवाद कहा।