दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत ने 2021 और 2022 में दो वर्षों की मजबूत आर्थिक वृद्धि के बाद 2023 में भी अपनी निरंतर एवं तेज रफ्तार कायम रखा है। भारत 2030 तक 7.3 लाख करोड़ डॉलर की जीडीपी के साथ जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी और एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
यह है सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
अमेरिका वर्तमान में 25,500 अरब डॉलर की जीडीपी के साथ दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसके बाद चीन 18,000 अरब डॉलर के साथ दूसरी और जापान 4,200 अरब डॉलर के साथ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। वहीं, भारतीय जीडीपी का आकार 2022 तक ब्रिटेन और फ्रांस की जीडीपी से भी बड़ा हो चुका था। 2030 तक भारत की जीडीपी जर्मनी से भी आगे निकलने का अनुमान है।
देश अब घरेलू खर्च पर निर्भर, आर्थिक वृद्धि को लेकर बढ़ी उम्मीद: जयंत वर्मा
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति के सदस्य जयंत आर वर्मा ने मंगलवार को कहा, बेहतर उपभोक्ता विश्वास और विभिन्न संकेतकों के चलते वह दो-चार महीने पहले की तुलना में भारत की आर्थिक वृद्धि को लेकर थोड़ा अधिक आशावादी हैं। हालांकि, चिंताएं बनी हुई हैं क्योंकि देश अब घरेलू खर्च पर असाधारण रूप से निर्भर है। मांग के अन्य घटकों को प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के सदस्य ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती के कारण बाहरी मांग कमजोर है। निजी पूंजी खर्च में सुधार अब भी बहुत अस्थायी और धीमा है। महंगाई के चार फीसदी पर आने के सवाल पर वर्मा ने कहा, अगस्त में महंगाई अधिक थी लेकिन सितंबर में यह सीमित दायरे में आ गई। अक्तूबर में खुदरा महंगाई के कम होने की उम्मीद है।