घोटाला उजागर होने से पहले छोड़ गए थे देश
नीरव मोदी जनवरी 2017 के पहले हफ्ते में ही देश छोड़कर चला गया था। नीरव के साथ उसके भाई, पत्नी और बिजनेस पार्टनर भी देश से बाहर जा चुके हैं। फिलहाल नीरव को जहां लंदन से गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं मेहुल चोकसी ने भारत की नागरिकता को छोड़कर एंटिगुआ की नागरिकता हासिल कर ली है।
एजेंसी ने जारी किया लुकआउट नोटिस
जांच एजेंसियों के मुताबिक नीरव का भाई निशाल जो कि बेल्जियम का नागरिक है वो 1 जनवरी को, पत्नी एमी और गीतांजलि ज्वेलरी चेन के मालिक व बिजनेस पार्टनर मेहुल चोकसी 6 जनवरी को देश छोड़कर चले गए थे। इन सबके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। पीएनबी की शिकायत मिलने के बाद इन सभी आरोपियों के खिलाफ 31 जनवरी, 2018 को मामला दर्ज किया गया था।
280 करोड़ से 113 अरब रुपये का घोटाला
शुरुआत में जब पीएनबी ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से की थी, तब यह 280 करोड़ रुपये का घोटाला था। इसके बाद इस घोटाले की परत दर परत खुलती गई और फिर यह 113 अरब का घोटाला हो गया।
लंदन में जी रहा है शानो शौकत की जिंदगी
हाल ही में खबर आई थी कि नीरव मोदी लंदन में शानो शौकत की जिंदगी जी रही है। वेस्ट एंड इलाके के जिस अपार्टमेंट में वह रहता है उसकी कीमत 73 करोड़ रुपये के आसपास है। एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक नीरव ने अपने घर से कुछ दूरी पर ही हीरे का कारोबार शुरू किया है। मई 2018 में उसने नई कंपनी बनाई थी, जो घड़ी और गहनों का होलसेल और रिटेल कारोबार करने के लिए सूचीबद्ध है।
1800 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति हो चुकी है जब्त
पीएनबी घोटाला सामने आने से पहले ही आरोपी नीरव और उसका मामा मेहुल चोकसी भारत से फरार हो चुके थे। ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथान कानून के तहत अब तक नीरव की 1873.08 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। इसके साथ ही नीरव और उसके परिवार से जुड़ी 489.75 करोड़ की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है।