Pakistan Share Market: पीएसएक्स वेबसाइट ने कहा कि आम चुनाव के नतीजे लगातार आ रहे हैं और कारोबार शुरू होने के तुरंत बाद सूचकांक 2,278 अंक लुढ़क गया। हालांकि उसके बाद बाजार में खरीदारी लौटी। शुरुआती कारोबार में केएसई-100 1,720.27 अंक या 2.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,423.60 अंक पर आ गया। इससे पिछले दिन बाजार 64,143.87 के स्तर पर बंद हुआ था।
पाकिस्तान में आम चुनाव के नतीजों को लेकर भ्रम की स्थिति के बीच पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क केएसई-100 सूचकांक शुक्रवार को 1,700 अंक नीचे चला गया। पाकिस्तान के अधिकारी चुनाव परिणामों की घोषणा करने के मामले में कछुए की गति से आगे बढ़ रहे हैं। एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम के तहत जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के समर्थित उम्मीदवार कई स्थानों पर आगे चल रहे हैं।
विज्ञापन
इमरान की पार्टी ने इस बार स्वतंत्र उम्मीदवारों का समर्थन किया था कि क्योंकि चुनाव से पहले उनकी पार्टी का सिंबल छिन गया था। एक शीर्ष वित्तीय विश्लेषक के अनुसार केएसई-100 सूचकांक लुढ़क गया है क्योंकि निवेशक चुनाव के बाद बनी अनिश्चित स्थिति के कारण खरीदारी के बजाय बिकवाली पर जोर दे रहे हैं।
टॉपलाइन सिक्योरिटीज के हम्माद जफर ने कहा, "कोई नहीं जानता कि क्या होने वाला है और अगली सरकार कौन बनाएगा, इसलिए यह समझ में आता है कि निवेशक आज ऐसी प्रतिक्रिया क्यों दे रहे है?" पीएसएक्स वेबसाइट ने कहा कि आम चुनाव के नतीजे लगातार आ रहे हैं और कारोबार शुरू होने के तुरंत बाद सूचकांक 2,278 अंक लुढ़क गया। हालांकि उसके बाद बाजार में खरीदारी लौटी। शुरुआती कारोबार में केएसई-100 1,720.27 अंक या 2.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,423.60 अंक पर आ गया। इससे पिछले दिन बाजार 64,143.87 के स्तर पर बंद हुआ था।
विज्ञापन
पाकिस्तान फॉरेक्स एसोसिएशन के प्रमुख जफर प्राचा ने कहा, "चुनाव से पहले के हालात में बाजार पीएमएल एन सरकार की उम्मीद कर रहा है, लेकिन शुरुआती परिणाम बताते हैं कि लोगों के विचार अलग हैं। एक अन्य वरिष्ठ विश्लेषक ने कहा कि निवेशक एक स्थिर सरकार बनाना चाहते हैं और बाजार की भलाई के लिए राजनीतिक अनिश्चितता खत्म होनी चाहिए। विश्लेषकों के अनुसार एक बार परिणाम साफ होने के बाद बाजार फिर ऊपर जाएगा। अभी जो कुछ भी हो रहा है वह अस्थायी है।