फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mumbai: धारावी पुनर्विकास योजना के लिए देवनार लैंडफिल साइट की 124 एकड़ भूमि का आवंटन, कैबिनेट ने लिया निर्णय

Tue, 15 Oct 2024 05:28 PM IST
नविता स्वरूप बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

Dharavi Re-Development Plan: महाराष्ट्र सरकार ने धारावी पुनर्विकास परियोजना प्राइवेट लिमिटेड को देवनार लैंडफिल साइट की 124 एकड़ जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। चुनावों के एलान से पहले राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। हालांकि, सरकार के इस फैसले का विपक्ष और वहीं धारावी में रहने वाले लोगों ने विरोध भी शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
धारावी पुनर्विकास परियोजना - फोटो : amarujala.com
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र सरकार ने धारावी पुनर्विकास परियोजना प्राइवेट लिमिटेड को देवनार लैंडफिल साइट की 124 एकड़ जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। राज्य में चुनावों के एलान से पहले राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र के सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होनी है और 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे।

विज्ञापन


पहले भी मड और सॉल्ट पैन की भूमि का किया गया है आवंटन
हालांकि, राज्य सरकार के इस फैसले का विपक्ष और वहीं धारावी में रहने वाले लोगों ने विरोध भी शुरू कर दिया है। जिस जमीन को अदाणी समूह को सौंपने की मंजूरी दी गई है वह मुंबई की सबसे पुरानी और सबसे बड़े डंपिंग ग्राउड में से एक है। यहां धारावी योजना के तहत लोगों को रहने के लिए घर मुहैया कराया जाना है। इससे पहले 10 अक्तूबर को भी महाराष्ट्र ने धारावी निवासियों के पुनर्वास के लिए मड में स्थित लगभग 140 एकड़ जमीन अदाणी समूह को सौंपने की मंजूरी दी थी।

30 सितंबर में हुई एक बैठक में एकनाथ शिंदे की सरकार ने आवास विकास परियोजना के लिए सॉल्ट पैन की 255 एकड़ भूमि अदाणी समूह को पट्टे पर देने की मंजूरी दी थी। इस 255 एकड़ की नमक भूमि में मौजे कंजुर की 120.5 एकड़, कंजुर और भांडुप की 76.9 एकड़ और मौजे मुलुंड की 58.5 एकड़ भूमि शामिल है।
विज्ञापन


आवंटित भूमि पर झुग्गीवासियों के लिए किराये का आवास होगा तैयार
सरकार के अनुसार, राज्य आवास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भूमि पट्टा हस्तांतरण के लिए केंद्र सरकार के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए नामित किया गया है। नमक क्षेत्र की भूमि पर रहने वाले लोगों के पुनर्वास की लागत एक विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) द्वारा वहन की जाएगी। इस महीने की शुरुआत में, केंद्र ने झुग्गीवासियों के लिए किराये के आवास बनाने हेतु, मुंबई में 255 एकड़ साल्ट पैन भूमि को धारावी पुनर्विकास परियोजना प्राइवेट लिमिटेड (डीआरपीपीएल) को हस्तांतरित करने को मंजूरी दी थी। यह अदाणी समूह की रियल्टी इकाई और महाराष्ट्र सरकार का एक संयुक्त उद्यम है।

इस संयुक्त उद्यम के तहत जारी धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत धारावी के निवासी जो कि 1 जनवरी 2000 से पहले बने ग्राउंड फ्लोर में रहते थे, वे ही नए घरों के लिए पात्र होंगे यानी उन्हें ही नए घर मिलेगे, जो लोग इन शर्तों को पूरा नहीं करते हैं उन्हें किफायती किराए के आवास योजनाओं के तहत घर दिए जाएंगे। वहीं फिलहाल कम से कम 580 एकड़ जमीन आयोग्य माने जाने वाले लगभग 700,000 लोगों को आवास प्रदान करने के लिए चाहिए।

धारावी के निवासियों की नाराजगी क्या है?
जब से धारावी पुनर्विकास परियोजना की शुरुआत हुई है, तभी से यहां रहने वाले लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। यह के लोगों का कहना है कि पुनर्विकास परियोजना के नाम पर अभी तक कुछ नहीं हुआ है। इसके अलावा वे हमें कहां शिफ्ट करेंगे यह भी बड़ी परेशानी है। इससे हमारे कामकाज पर काफी बुरा असर होगा। इससे हमारे छोटे-मोटे कारोबार को काफी नुकसान पहुंचेगा।  

क्या है धारावी पुनर्विकास परियोजना?
अडानी समूह ने नवंबर 2022 में धारावी के पुनर्विकास के लिए बोली जीती थी, यह परियोजना लगभग दो दशकों से पाइपलाइन में अटकी हुई है। मुंबई में जमीन की कमी और अधिक महंगा रियल एस्टेट बाजार होने की वजह से अभी तक इस परियोजना के लिए जमीन नहीं मिली थी। इस परियोजना पर लगभग 20,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान बताया जा रहा है। यह वैश्विक निविदा के माध्यम से भारत में किसी सरकारी एजेंसी द्वारा शुरू की गई सबसे बड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं में से एक है। जानकारी के अनुसार 240 हेक्टयर के विशाल क्षेत्र में फैली धारावी में लगभग 8 से 10 लाख निवासी हैं और 13,000 से अधिक छोटे व्यवसाय यहां पर चलते हैं।

क्या है धारावी का इतिहास?
धारावी मूल रूप से मछुवारों की बस्ती थी, जहां बाद में कुम्भार, चमडे का काम करने वाले, कढाई बुनाई करने वाले आकर रहने लगे और धीरे धीरे यह बस्ती बढ़ती चली गई। धारावी मुंबई के बीच स्थित एक घनी आबादी वाला शहरी इलाका है। कहा जाता है कि धारावी की आबादी ग्रीनलैंड और फिजी से अधिक है और इसमें 30 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम, 6 प्रतिशह ईसाई और 63 प्रतिशत हिंदू रहते है। यहां रीसाइकलिंग, चमड़े के उत्पाद और मिट्टी के बर्तन तथा कपड़े की कई लघु इकाइयां हैं। रियल एस्टेट के जानकार मीहिर शाह बताते हैं कि धारावी पुनर्विकास परियोजना बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। उसको पूरा करना अपने आप में एक चुनौती साबित होगी। सरकार की ओर से जमीन का आवंटन इसमें सहायक होगा, बावजूद इसके इसको पूरा होने में काफी समय लगेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें