देश का सबसे बड़ा आईपीओ अंतिम दिन 2.95 गुना भरा। इसमें सबसे ज्यादा 6.11 गुना पॉलिसीधारकों का हिस्सा, जबकि 4.39 गुना कर्मचारियों का हिस्सा भरा। खुदरा निवेशकों ने अपने हिस्से की तुलना में 1.99 गुना की बोली लगाई, जबकि गैर संस्थागत निवेशकों ने 2.91 गुना पैसा लगाया। क्यूआईबी का हिस्सा 2.83 गुना भरा। पांच दिन तक खुले इस आईपीओ में 10 मर्चेंट बैंकर्स को नैया पार लगाने के लिए रखा गया था। फिर भी विदेशी निवेशकों ने आईपीओ में बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। हालांकि, खुदरा निवेशकों ने सबसे ज्यादा आवेदन कर एक इतिहास बना दिया। इस तरह सरकार करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाने में सफल रही।
खुदरा निवेशकों का जोरदार रिस्पांस
बता दें कि रविवार तक पांच दिनों में इश्यू 1.9 गुना सब्सक्राइब्ड हो चुका था। पॉलिसीधारकों ने इस आईपीओ को लेकर जोरदार उत्साह दिखाया है और यह हिस्सा 5.1 गुना सब्सक्राइब्ड किया गया था। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और हर कोई आखिरी दिन इसमें हिस्सेदारी खरीदना चाहता है। एलआईसी आईपीओ को सिर्फ कर्मचारियों और पॉलिसीधारकों का ही नहीं बल्कि, खुदरा निवेशकों का भी जबरदस्त रिस्पांस मिला है। आज दोपहर तीन बजे तक जहां कर्मचारियों का हिस्सा 4.25 गुना सब्सक्राइब्ड किया जा चुका था, वहीं पॉलिसीधारकों का हिस्सा 5.85 गुना बुक किया जा चुका था। गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) की बात करें तो इस हिस्से को 2.34 गुना सब्सक्राइब्ड किया गया था, जबकि क्यूआईबी यानी योग्य संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 2.43 गुना सब्सक्रिप्शन आ चुका था।
विदेशी निवेशकों ने बनाई दूरी
सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद भी एलआईसी का आईपीओ विदेशी निवेशकों को लुभाने में नाकामयाब नजर आ रहा है। 20 फीसदी एफडीआई को मंजूरी देने के बाद भी संस्थागत निवेशकों के लिए जो हिस्सा आरक्षित किया गया था उसमें महज दो फीसदी हिस्सेदारी विदेशी निवेशकों की है। एंकर निवेशकों की बात करें तो नॉर्वे और सिंगापुर के सावेरन फंड से निवेश आया है।
विशेषज्ञों ने बताया फायदे का सौदा
जिस तरह से एलआईसी के आईपीओ को रिस्पांस मिल रहा है, उसे देखते हुए इसे सफल आईपीओ कहा जा सकता है। विशेषज्ञों ने भी इस आईपीओ को लेकर कहा है कि इसमें लंबी अवधि के लिए निवेश करना निवेशकों के लिए फायदेमंद साबित होगा। ऐसे में अगर आपने अब तक इसमें भागीदारी नहीं की है तो देर न करें कुछ आसान तरीकों से आप भी एलआईसी के शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं।
एसबीआई योनो से ऐसे करें निवेश
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से अपने ग्राहकों को जानकारी दी गई है कि बैंक के ग्राहक एलआईसी आईपीओ में एसबीआई योनो एप के जरिए भी निवेश कर सकते हैं। इसमें निवेश करने के लिए सबसे पहले अपने एसबीआई योनो (SBI YONO) एप को ओपन करना होगा और लॉगइन करने के बाद इंवेस्टमेंट विकल्प पर क्लिक करना होगा। ऐसा करने पर आपको डीमैट और ट्रेडिंग खोलना ऑप्शन दिखेगा। इस अकाउंट कोखोलने के बाद आप आसानी से एलआईसी आईपीओ में निवेश कर सकते हैं। गौरतलब है कि ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक इस अकाउंट को खोलने के लिए कोई शुल्क नहीं ले रहा है।
पेटीएम के जरिए खरीदें हिस्सेदारी
एसबीआई की तरह ही पेटीएम मनी के माध्यम से एलआईसी आईपीओ के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले पेटीएम मनी के होम स्क्रीन पर आईपीओ सेक्शन में जाएं। आप अगर पॉलिसीधारक है तो आईपीओ डिटेल्स पेज पर ' इंवेस्टर टाइप' के नीचे पॉलिसीहोल्डर्स सेलेक्ट करें। ध्यान रहे कि पैन एलआइसी पॉलिसी से लिंक्ड हो और पेटीएम मनी के डीमैट अकाउंट से संबद्ध हो। अब एलआईसी आईपीओ विकल्प चुनकर इसमें 'करंट ऐंड अपकमिंग' टैब पर क्लिक करें। इसके बाद 'अप्लाई नाउ' ऑप्शन चुनें। अब बिड पेज खुलने पर नए पेज पर आप आवेदन के लिए प्राइस और क्वांटिटी अपडेट कर सकते हैं। फिर 'एड यूपीआइ डिटेल्स' सेक्शन में अपना यूपीआई आईडी अपडेट करें और अप्लाई पर क्लिक करें। आवंटन होने पर सूचना मिल जाएगी।