कोरोना महामारी की चुनौतियों के बाद अब धीरे-धीरे उड्डयन क्षेत्र का काम पटरी पर आ रहा है। इंडिगो एयरलाइंस ने इसे देखते हुए अपने सभी पायलटों का वेतन बढ़ाने का फैसला किया है।
भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने लगातार चल रहे उड़ान कार्यों को देखते हुए अपने पायलटों के वेतन में आठ फीसदी तक का इजाफा करने का एलान किया है। कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित रहा उड्डयन क्षेत्र अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। इसी बात को ध्यान में रखने हुए कंपनी ने अपने पायलटों का वेतन आठ फीसदी तक बढ़ा दिया है।
विज्ञापन
कंपनी की मानव संसाधन टीम आने वाले सप्ताहों में नए संशोधित वेतन ढांचे के बारे में जानकारी साझा करेगी। कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के बाद 28 मार्च 2022 को अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं की फिर से शुरुआत की गई थी। वहीं पूर्ण रूप से नियमित घरेलू उड़ानों का फिर से संचालन पिछले साल 18 अक्तूबर से शुरू किया गया था।
इंडिगो की ओर से जारी एक बयान में कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उड़ान संचालन)असीम मित्रा ने कहा कि उड़ान सेवाओं के अब निरंतर रूप से शुरू होने के साथ, मुझे अपने सभी पायलटों के वेतन में आठ फीसदी का इजाफा करने की घोषणा का एलान करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि इसे एक अप्रैल से लागू किया जाएगा।