सरकार ने सोमवार को कहा कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच हस्ताक्षरित द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) इस वर्ष 31 अगस्त से लागू हो गई है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस वर्ष 13 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में बीआईटी पर हस्ताक्षर किए गए और यह 31 अगस्त, 2024 से लागू होगा।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को 'भारत-यूएई उच्च स्तरीय टास्क फोर्स ऑन इन्वेस्टमेंट्स की 12वीं बैठक' पर संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि संयुक्त अरब अमीरात भारत में खाद्य प्रसंस्करण सुविधाएं स्थापित करना चाहता है और इसके लिए उसने लगभग 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश की शुरुआती प्रतिबद्धता जताई है।
गोयल ने कहा कि 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर का फूड पार्क निवेश अगले दो से ढाई साल में होगा। गोयल ने संवाददाताओं से कहा, "यह बहुत लंबे समय से चर्चा में है कि यूएई भारत में खाद्य प्रसंस्करण सुविधाएं स्थापित करने में निवेश करना चाहता है ताकि भारतीय किसानों के उत्पादों का उपयोग करके भारत में यूएई के स्वाद के अनुकूल उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और उन्हें यूएई में बेचा जा सके।"
भारत और यूएई के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 2013 में संयुक्त कार्य बल की स्थापना की गई थी।
उन्होंने कहा, "खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और खाद्य पार्क लॉजिस्टिक्स में निवेश के लिए यूएई ने लगभग 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रारंभिक प्रतिबद्धता जताई है, जिसका इस्तेमाल खाड़ी देशों, विशेष रूप से यूएई में सामग्री ले जाने के लिए होगी।