गूगल के प्रमुख सुंदर पिचाई ने कोरोना वायरस महामारी का मुकाबला करने के लिए ‘गिव इंडिया’ को पांच करोड़ रुपये का योगदान दिया है।
गिव इंडिया ने ट्वीट कर दी जानकारी
इस संदर्भ में गिव इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘संकटग्रस्त दिहाड़ी मजदूरों के परिवारों तक अत्यंत जरूरी नकद सहायता पहुंचाने के लिए गूगल की तरफ से पांच करोड़ रुपये का अनुदान देने के लिए धन्यवाद सुंदर पिचाई।’’
पहले भी की थी घोषणा
इससे पहले गूगल ने कोविड-19 महामारी से निपटने के प्रयासों के तहत 80 करोड़ डॉलर से अधिक की सहायता देने की घोषणा की थी। इसमें एनजीओ और बैंकों के लिए 20 करोड़ डॉलर का निवेश कोष शामिल है, जिससे छोटे कारोबारियों की पूंजी जुटाने में मदद की जाएगी।
देश में कुल संक्रमितों की संख्या 9152
देश में लॉकडाउन के बीच कोरोना संक्रमितों की संख्या में तीन दिन बाद रविवार को थोड़ी कमी आई। पिछले दिन से संक्रमित मरीजों की संख्या 800 के पार जा रही थी, लेकिन रविवार को यह संख्या 705 दर्ज की गई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की मौत हुई और 705 नए मामले आए। इसी के साथ कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 9152 हो गई है। इनमें 7987 सक्रिय हैं, 856 स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 308 लोगों की मौत हो गई है। आज नागालैंड में कोरोना पॉजिटिव का पहला मामला सामने आया है। वहीं, महाराष्ट्र में 82, उत्तर प्रदेश के आगरा में 30, गुजरात में 22, मध्यप्रदेश के इंदौर में 22, कर्नाटक में 15, आंध्र प्रदेश में 12, राजस्थान में 43 और मुंबई के धारावी में चार नए मामले सामने आए हैं।