बेटी के पसंदीदा बिस्कुट के लिए पिता ने अदा किए लगभग 2400 रुपये
मोहम्मद जावेद नाम के इस एक्स यूजर ने अपने हैंडल पर लिखा, 'लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज मुझे रविफ के लिए उसके पसंदीदा बिस्किट मिल गए। हालांकि कीमत 1.5 यूरो से बढ़कर 24 यूरो से भी ज्यादा हो गई। इसके बावजूद मैं रविफ को उसका पसंदीदा बिस्किट दिलाने से मना नहीं कर सका।' उन्होंने ये पोस्ट बीते एक जून को किया। हालांकि, जैसे ही पोस्ट वायरल हुई, कई न्यूज वेबसाइट्स ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे विगत 20 महीने से जारी हमास और इस्राइल के हिंसक संघर्ष के कारण गाजा में उपजा अभूतपूर्व संकट एक बार फिर सुर्खियों में आया।
भारतीय बाजार में इस बिस्कुट की कीमत
जावेद की यह सोशल मीडिया पोस्ट अब तक 10 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। वे जिस बिस्कुट की कीमत का जिक्र कर रहे हैं, वह पारले जी है और भारतीय बाजार में आम तौर पर यह अलग-अलग साइज में उपलब्ध होता है। तस्वीर में दिख रहा बिस्कुट का वैरिएंट भारत के खुदरा बाजार में सबसे कम कीमत पांच रुपये में मिलता है। इसके अलावा 10 रुपये 30 रुपये और 800 ग्राम का फैमिली पैक साइज वाला यह बिस्कुट 80 रुपये में मिल जाता है।
ये भी पढ़ें- गाजा में भुखमरी: UN का दावा- राहत सामग्री वाले ट्रक फंसे, फलस्तीनी आबादी मदद से वंचित; खतरे में हजारों बच्चे
25 किलोग्राम आटे की कीमत 360 अमेरिकी डॉलर
बीते दिनों आई संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते करीब 20 महीने से युद्ध की विभीषिका झेल रही
गाजा की लगभग पूरी आबादी मानवीय सहायता पर निर्भर है। गोदाम खाली हैं, सामुदायिक रसोई बंद हो रही हैं, और परिवार भोजन छोड़ रहे हैं। गाजा में ऑक्सफैम के मीडिया समन्वयक गदा अल हद्दाद ने बताया कि 25 किलोग्राम आटे का एक बैग अब 1,300 शेकेल (360 अमेरिकी डॉलर) में मिलता है। उन्होंने बताया कि मां अपने बच्चों को दिन में एक बार यानी रात का खाना खिलाती हैं, जिससे कि वह सुबह उठकर भूखे रहने की शिकायत न कर सकें।
ये भी पढ़ें- West Asia Crisis: गाजा में 5 फीसदी से भी कम जमीन खेती लायक; सभी आधारभूत संरचनाएं तबाह, लोग भुखमरी की चपेट में