नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर बताया है कि कोहरे के कारण होने वाली बाधाओं से निपटने केलिए अतिरिक्त उपायों का एलान किया है। दूसरी ओर, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दिल्ली, व चार अन्य मेट्रो हवाई अड्डों से इन घटनाओं के संबंध में दिन में तीन बार रिपोर्ट देने को कहा है। इसके साथ ही इन हवाई अड्डों के साथ-साथ विमानन कंपनियों को भी यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ‘वार रूम’ स्थापित करने को कहा गया है।
दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता मेट्रो हवाई अड्डे हैं। मंत्री ने कहा कि यात्रियों की असुविधा के संबंध में किसी भी मुद्दे का तुरंत समाधान करने के लिए छह मेट्रो हवाई अड्डों पर एयरलाइन संचालकों और हवाई अड्डों द्वारा 'वार रूम' स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही चौबीसों घंटे सीआईएसएफ कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। दिल्ली हवाई अड्डे के संबंध में, मंत्री ने कहा कि रनवे आरडब्ल्यूवाई 29एल पर मंगलवार को सीएटी-3 प्रणाली चालू कर दी गई।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे पर सीएटी-3 के रूप में आरडब्ल्यूवाई 10/28 का परिचालन ‘री-कार्पेटिंग’ कार्य के बाद किया जाएगा। वर्तमान में, राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर चार में से तीन रनवे चालू हैं।