वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को फोर्ब्स की ओर से जारी विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में शामिल किया गया है। यह पांचवी बार है जब उनका नाम इस सूची में है। इस लिस्ट में उनके अलावा तीन अन्य भारतीयों को भी जगह दी गई है। फोर्ब्स की लिस्ट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, एचसीएल की सीईओ रोशनी नाडर मल्होत्रा, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सोमा मंडल और बायोकॉन की फाउंडर किरण मजूमदार-शॉ का नाम शामिल है।
निर्मला सीतारमण को इस बार 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं की सूची में 32वां स्थान मिला है। वहीं, अन्य तीन भारतीय महिलाओं में शामिल एचसीएल की सीईओ रोशनी नाडर मल्होत्रा को 60वें, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सोमा मंडल को 70वें और बायोकॉन की फाउंडर किरण मजूमदार-शॉ 76वें स्थान पर जगह मिली है। गौरतलब है कि ये लगातार 5वीं बार है जब निर्मला सीतारमण ने इस सूची में जगह बनाई है। साल 2022 में वे 36वें स्थान पर रही थीं। इस बार उन्हें 4 पायदान ऊपर जगह दी गई हैं। वहीं 2021 में उनको 37वां स्थान मिला था।
शीर्ष चार स्थानों पर राजनीतिक पृष्ठभूमि की महिलाएं
फोर्ब्स की ओर से जारी विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में शीर्ष चार स्थानों पर राजनीतिक पृष्ठभूमि की महिलाओं को जगह दी गई है। इसमें शीर्ष पर यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन हैं जबकि दो नंबर पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की प्रमुख क्रिस्टीन लेगार्ड और तीसरे पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस हैं। वहीं, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में पांचवें स्थान पर ब्रिटिश गायिका टेलर स्विफ्ट को जगह दी गई है।