नागरिक उड्डयन मंत्रालय के राजीव गांधी भवन को सील किया गया है
- फोटो : ani
नागरिक उड्डयन मंत्रालय का एक कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि 15 अप्रैल को कार्यालय आया मंत्रालय का एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमित कर्मचारी के संपर्क में आए सभी सहयोगियों से एहतियातन खुद को पृथक करने को कहा गया है। साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय के राजीव गांधी भवन को सील किया गया है।
मंत्रालय ने ट्विटर पर कहा कि, 'गत 15 अप्रैल को कार्यालय में आए मंत्रालय का एक कर्मचारी 21 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। परिसर में सभी आवश्यक दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।'
उड्डयन मंत्री ने की स्वस्थ होने की कामना
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक ट्वीट में कहा कि, 'हम नागरिक उड्डयन मंत्रालय में उस सहयोगी के साथ खड़े हैं जो कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है और उन्हें सभी संभव चिकित्सा मदद उपलब्ध कराई जा रही है। जो भी संक्रमित पाए गए कर्मचारी के संपर्क में थे वे सभी आवश्यक दिशा निर्देशों का पालन करें। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
संख्या में लगातार हो रही बढ़ोतरी
मालूम हो कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1383 नए मामले सामने आए हैं और 50 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 19,984 हो गई है, जिसमें 15,474 सक्रिय हैं, 3870 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 640 लोगों की मौत हो गई है। आज राजस्थान में 64, आंध्र प्रदेश में 56, गुजरात में 94 और कर्नाटक में सात नए मामले सामने आए हैं।