ट्विटर इंक. के नए मालिक एलन मस्क ने बुधवार देर रात अपने कार्यकर्ताओं को आने वाले कठिन वक्त के लिए तैयार करने के लिए पहली बार ईमेल किया। ब्लूमबर्ग न्यूज द्वारा समीक्षा किए गए ईमेल के अनुसार, मस्क ने कहा कि आर्थिक दृष्टिकोण के बारे में सच्चाई छुपाने का तरीका नहीं है और बताया कि यह ट्विटर जैसी विज्ञापन-निर्भर कंपनी को कैसे प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि अब रिमोट वर्क (दूर से कार्य) की अनुमति नहीं दी जाएगी और कर्मचारियों से प्रति सप्ताह कम से कम 40 घंटे कार्यालय में रहने की उम्मीद की जाएगी।
आधे कर्मचारियों को कर चुके हैं बर्खास्त
करीब दो सप्ताह से ट्विटर मस्क के नेतृत्व में है और इस दौरान उसने लगभग आधे कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। इससे पहले वह पूर्व सीईओ पराग अग्रवाल सहित बड़े अधिकारियों को भी बर्खास्त कर चुके हैं। ट्विटर के नए बॉस ने ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की कीमत 8 डॉलर तक बढ़ा दी है और इसके साथ यूजर वेरिफिकेशन भी अटैच किया है। मस्क ने ईमेल में कर्मचारियों से कहा कि वह ट्विटर के राजस्व का आधे हिस्सा सदस्यता खाते के रूप में देखना चाहते हैं।
फर्जी अकाउंट बनाओ तो हमारी कमाई
ट्विटर को खरीदने के बाद से ही एलन मस्क अपने बयानों और फैसलों को लेकर चर्चा में हैं। सबसे पहले उन्होंने एलान किया कि ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए आठ डॉलर देने होंगे। इसके बाद उन्होंने बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू करते हुए कई कर्मचारियों को निकाल दिया है। सवाल उठ रहा है कि आठ डॉलर में कोई भी किसी के भी नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर उसे वेरिफाई करवा सकता है। इस पर मस्क ने कहा, ऐसे फर्जी अकाउंट्स ट्विटर बंद कर देगा, पैसा भी नहीं लौटाएगा। अगर लाखों लोग ऐसा फर्जीवाड़ा करते हैं तो वे हमें मुफ्त की कमाई करवाएंगे।
कंपनियां रोक रहीं विज्ञापन
यूनाइटेड एयरलाइंस ने ट्विटर पर अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। इससे पहले जनरल मोटर्स, ऑडी, आरईआई, जनरल मिल्स आदि ने भी ऐसा ही किया। ये सभी ट्विटर से अपना नाम नहीं जोड़ना चाहतीं, क्योंकि आशंका है कि मस्क की नई योजनाओं से इस प्लेटफॉर्म पर भड़काने वाली सामग्री पोस्ट होंगे, यह नफरत फैलाने का माध्यम बन जाएगा। सामग्री को संयमित करने पर सख्ती के नाम पर बोलने की आजादी को भी प्रभावित किया जा सकता है। इस पर विज्ञापन दिखाने से ब्रांड की छवि को नुकसान हो सकता है।