प्रवर्तन निदेशालय ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के छोटे भाई कांग्रेस नेता डीके सुरेश को तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एक स्थानीय महिला के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लिए डीके सुरेश को बुलाया गया है।
19 जून को पेश होकर बयान दर्ज कराने को कहा
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व सांसद सुरेश को 19 जून को पेश होने और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। संघीय जांच एजेंसी ने स्थानीय महिला 33 वर्षीय ऐश्वर्या गौड़ा को अप्रैल में उसके और कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी के खिलाफ छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया था।
कई हाई-प्रोफाइल राजनेताओं के साथ नजदीकी का दावा
ईडी ने तब एक बयान में कहा था कि महिला ने कई हाई-प्रोफाइल राजनेताओं के साथ नजदीकी का दावा किया। उसने लोगों को सोना, नकदी और बैंक जमा पर उच्च रिटर्न का वादा करके धोखा दिया। उस पर आरोप है कि उसने सुरेश के नाम का इस्तेमाल किया और उसकी बहन होने का दावा किया।
सुरेश ने बंगलूरू पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी
सुरेश ने बंगलूरू पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें कहा गया था कि उनके नाम का दुरुपयोग किया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि ईडी ने जांच के तहत कुलकर्णी का बयान दर्ज किया है। गौड़ा और उनके पति हरीश केएन के अलावा अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला कर्नाटक के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्ज की गई विभिन्न एफआईआर से जुड़ा है।