लिवरपूल के स्टार डिओगो जोटा की स्पेन में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जनकारी दी। जोटा 28 साल के थे, तीन छोटे बच्चों के पिता थे। जोटा ने दो हफ्ते से भी कम समय पहले अपने लंबे समय के साथी रूटे कार्डसो से शादी की थी। जोटा के साथ कार में मौजूद उनके भाई, 26 वर्षीय आंद्रे की भी मौत हो गई। वे स्पेन के जमोरा में कार से यात्रा कर रहे थे, जब हादसा हुआ। बुधवार को आधी रात को हुई दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस रिपोर्टों के अनुसार कार के पिछले टायरों में से एक के पंचर होने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार में आग लग गई और अग्निशामकों को दुर्घटना के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगी आग को बुझाना पड़ा।
170 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के मालिक थे जोटा
डिओगो जोटा की मौत के बाद उनकी संपत्ति पर भी चर्चा छिड़ गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, डिओगो जोटा की कुल संपत्ति यानी नेट वर्थ करीब 12 मिलियन डॉलर से 20 मिलियन डॉलर (170.62 करोड़ रुपये) के बीच होने का अनुमान है। यह संपत्ति उन्होंने लिवरपूल, एटलेटिको मैड्रिड और वॉल्वरहैम्प्टन वांडरर्स जैसे एलीट क्लबों के साथ आकर्षक अनुबंधों के अलावा विभिन्न विज्ञापनों और प्रायोजन सौदों के जरिए अर्जित की है।
लिवरपूल ने कहा- जोटा व उनके भाई के निधन से स्तब्ध
लिवरपूल फुटबॉल क्लब ने कहा कि वे डिओगो जोटा के निधन से स्तब्ध हैं। क्लब को सूचित किया गया है कि 28 वर्षीय खिलाड़ी की स्पेन में सड़क दुर्घटना में उनके भाई आंद्रे के साथ मृत्यु हो गई है। क्लब ने कहा' "लिवरपूल एफसी इस समय कोई और टिप्पणी नहीं करेगा और डिओगो और आंद्रे के परिवार, दोस्तों, टीम के साथियों और क्लब के कर्मचारियों की गोपनीयता का सम्मान करने का अनुरोध करेगा क्योंकि वे इस अकल्पनीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। हम उन्हें अपना पूरा समर्थन प्रदान करना जारी रखेंगे।"